जगदलपुर में बस्तर की पहली आवासीय खेल अकादमी जल्द शुरू होगी। यहां 13 से 17 वर्ष के खिलाड़ियों को एथलेटिक्स, फुटबॉल और आर्चरी का प्रशिक्षण मिलेगा। चयन ट्रायल जल्द आयोजित होंगे। खिलाड़ियों को आवास, डाइट, शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं भी दी जाएंगी।
रायपुर। बस्तर अंचल के युवा खिलाड़ियों को अब अपने क्षेत्र में ही उच्च स्तरीय खेल प्रशिक्षण की सुविधा मिलने जा रही है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जगदलपुर में जल्द ही बस्तर की पहली आवासीय खेल अकादमी शुरू की जाएगी। इस अकादमी में बालकों को एथलेटिक्स, फुटबॉल और आर्चरी खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। खिलाड़ियों के चयन के लिए विभाग जल्द ही चयन ट्रायल आयोजित करेगा।

खेल अकादमी शुरू करने की तैयारियों का हुआ निरीक्षण
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती तनुजा सलाम ने जगदलपुर पहुंचकर प्रस्तावित अकादमी की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बस्तर क्षेत्र के खेल अधिकारियों के साथ बैठक कर मौजूदा खेल अधोसंरचना और सुविधाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध आवास, भोजन व्यवस्था, विद्यालय सुविधा, वाहन व्यवस्था, खेल सामग्री और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही प्रस्तावित अकादमी भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बस्तर के खिलाड़ियों को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण
श्रीमती सलाम ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में आवासीय खेल अकादमी शुरू होने से स्थानीय प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिलेगा। यहां खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण के साथ डाइट, खेल उपकरण, आवास, शिक्षा, बीमा, चिकित्सा सुविधा और उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि बस्तर में प्राकृतिक रूप से प्रतिभाशाली खिलाड़ी बड़ी संख्या में मौजूद हैं। अकादमी शुरू होने से इन खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा, जिससे वे प्रदेश और देश के लिए पदक भी जीत सकेंगे।
चयन ट्रायल में 13 से 17 वर्ष के खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जल्द ही चयन ट्रायल का विज्ञापन जारी किया जाएगा। इसमें 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
अकादमी में विभिन्न खेलों के लिए खिलाड़ियों का चयन इस प्रकार किया जाएगा-
- एथलेटिक्स : 20 खिलाड़ी
- फुटबॉल : 25 खिलाड़ी
- आर्चरी : 20 खिलाड़ी
चयनित खिलाड़ियों को आवासीय अकादमी में रहकर नियमित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
खेलो इंडिया हॉकी सेंटर का भी किया दौरा
जगदलपुर प्रवास के दौरान श्रीमती तनुजा सलाम ने खेलो इंडिया लघु केंद्र पण्डरीपानी में संचालित हॉकी सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास भवन और जिम हॉल का अवलोकन कर प्रशिक्षणरत खिलाड़ियों की संख्या तथा उपलब्ध खेल सामग्री की जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत कर प्रशिक्षण व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं को लेकर फीडबैक भी लिया तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।


