रायपुर में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना। उन्होंने सोमनाथ मंदिर के इतिहास, सनातन संस्कृति, धार्मिक स्थलों के विकास और रामलला दर्शन योजना पर चर्चा की।

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज रायपुर के महादेव घाट स्थित हाटकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं के साथ गुजरात के प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर से वर्चुअली जुड़े प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई पूजा-अर्चना का अवलोकन किया और उनका संबोधन सुना।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास, विदेशी आक्रमणों, मंदिर के पुनर्निर्माण और देश में आस्था केंद्रों के संरक्षण एवं विकास के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी सोमनाथ स्वाभिमान पर्व की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज से 75 वर्ष पहले सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का कार्य पूरा हुआ था। इसी ऐतिहासिक दिन को पूरे देश में स्वाभिमान पर्व के रूप में मनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर पर कई बार बाहरी आक्रांताओं ने हमले किए, लेकिन मंदिर की आस्था और सनातन परंपरा को कभी समाप्त नहीं किया जा सका। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले आक्रमण के समय मंदिर के पुजारियों और श्रद्धालुओं ने मंदिर छोड़ने के बजाय अपने प्राणों का बलिदान दिया था। उनका त्याग आज भी इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है।

सरदार पटेल और डॉ. राजेंद्र प्रसाद के योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि देश की आजादी के बाद तत्कालीन गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने विरोध के बावजूद सोमनाथ मंदिर पहुंचकर पुनर्निर्मित मंदिर के लोकार्पण कार्यक्रम में भाग लिया था।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को नया सम्मान और पहचान मिली है। आज देशभर में प्रमुख तीर्थ स्थलों और धार्मिक स्थलों का तेजी से विकास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन महाकाल लोक और सोमनाथ मंदिर सहित कई धार्मिक स्थलों पर व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं।

छत्तीसगढ़ में धार्मिक स्थलों के विकास पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में देवी मंदिरों को शक्तिपीठ योजना के तहत विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कबीरधाम जिले के भोरमदेव महादेव मंदिर को स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत 148 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली है। यहां पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और सौंदर्यीकरण का काम तेजी से किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की जन्मभूमि और भगवान श्रीराम का ननिहाल है। लंबे संघर्ष के बाद अयोध्या में भगवान श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 40 हजार से ज्यादा श्रद्धालु अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं और यह योजना लगातार जारी है।

सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन के अंत में सभी लोगों से भाईचारा, सामाजिक समरसता और राष्ट्र की एकता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लेने की अपील की।

मंत्रियों ने भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना की

कार्यक्रम में वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सनातन संस्कृति और धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं विकास का कार्य लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी लोगों को आस्था से जोड़ने के लिए कई योजनाएं चला रही है।

राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि सोमनाथ मंदिर देश की संस्कृति, वैभव और स्वाभिमान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत को फिर से मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि नक्सल उन्मूलन के बाद प्रदेश में पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास को नई गति मिली है।

कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कहा कि सोमनाथ मंदिर सनातन आस्था का बड़ा केंद्र है। उन्होंने कहा कि हजार वर्षों के इतिहास में कई आक्रमण हुए, लेकिन सनातन संस्कृति की आस्था को कोई समाप्त नहीं कर सका।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हाटकेश्वर महादेव मंदिर में की पूजा-अर्चना

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय कार्यक्रम से पहले रायपुर के महादेव घाट स्थित हाटकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ निःशक्तजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री लोकेश कावड़िया, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।