मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जांजगीर-चांपा के भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं, पुनर्वास कार्यों और नई एम्बुलेंस का शुभारंभ किया।
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज जांजगीर-चांपा जिले के एक दिवसीय प्रवास के दौरान सोठी स्थित भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम का दौरा किया। आश्रम पहुंचने पर संस्था के पदाधिकारियों और आश्रम में रहने वाले लोगों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने आश्रम प्रमुख श्री सुधीर देव से संस्था द्वारा संचालित सेवा कार्यों, चिकित्सा सुविधाओं और पुनर्वास गतिविधियों की विस्तार से जानकारी ली तथा संस्था के मानवीय कार्यों की सराहना की।

भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम के सेवा कार्यों की मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की सराहना
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम केवल एक संस्था नहीं बल्कि सेवा, करुणा और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यहां वर्षों से समाज के जरूरतमंद और उपेक्षित लोगों की सम्मानपूर्वक सेवा की जा रही है। यह कार्य भारतीय संस्कृति के "नर सेवा ही नारायण सेवा" के आदर्श को साकार करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान समाज में संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को मजबूत बनाने का कार्य कर रहे हैं।
सिद्धि विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना
मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर में स्थित श्री सिद्धि विनायक मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। इसके बाद संस्था के संस्थापक स्वर्गीय सदाशिव गोविंद कात्रे के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सेवा कार्यों को नमन किया।
आश्रम को मिली नई एम्बुलेंस, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिखाई हरी झंडी
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आश्रम के लिए नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह एम्बुलेंस आश्रम के मरीजों और जरूरतमंद लोगों तक समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
आश्रमवासियों से मुलाकात, गौशाला का भी किया भ्रमण
मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर का भ्रमण कर वहां संचालित स्वास्थ्य, सेवा और पुनर्वास से जुड़ी गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने आश्रमवासियों से आत्मीय मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें उपहार भी भेंट किए। इस दौरान उन्होंने गौशाला में पहुंचकर गौमाता की पूजा की, हरा चारा खिलाया और गौसेवा का संदेश दिया।
संत गुरु घासीदास चिकित्सालय की स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा
मुख्यमंत्री श्री साय ने आश्रम परिसर स्थित संत गुरु घासीदास चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, पैथोलॉजी लैब, बिलिंग कक्ष, एक्स-रे कक्ष, आईसीयू और ऑपरेशन थिएटर सहित विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग वाहन का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री ने धनवंतरी जनकल्याण समिति सोसायटी, रायपुर द्वारा संचालित निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग इनिशिएटिव वाहन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में कैंसर जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय पर जांच और उपचार गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्वास्थ्य सेवाएं जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद श्रीमती कमलेश देवी जांगड़े, विधायक श्री किरण सिंह देव, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री सौरभ सिंह, छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा विकास एवं विपणन सहकारी संघ के अध्यक्ष श्री भोजराज देवांगन, आश्रम के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


