Chhattisgarh Sports Associations: छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने राज्य के 25 से अधिक खेल संघों के साथ बैठक की। 33 जिलों में खेल संघों के पंजीयन, वार्षिक खेल कैलेंडर, दूरस्थ क्षेत्रों में खेल गतिविधियों और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण पर जोर दिया गया।

Chhattisgarh Sports Department: छत्तीसगढ़ में खेल और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने खेल संघों के साथ समन्वय मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। विभाग का लक्ष्य खेल गतिविधियों को जिला स्तर तक पहुंचाने के साथ नई खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

25 से अधिक खेल संघों के पदाधिकारी बैठक में शामिल

रायपुर स्थित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालनालय में राज्य के प्रमुख खेल संघों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 25 से अधिक राज्य खेल संघों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने की।

सभी खेल संघों को वार्षिक कैलेंडर भेजने के निर्देश

संचालक ने सभी खेल संघों को अपना वार्षिक खेल कैलेंडर अनिवार्य रूप से खेल संचालनालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इससे प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और खिलाड़ियों के लिए जरूरी सुविधाओं की पहले से बेहतर तैयारी की जा सकेगी। उन्होंने प्रदेश के सभी 33 जिलों में जिला स्तरीय खेल संघों के चरणबद्ध पंजीयन और विभागीय मान्यता की प्रक्रिया जल्द पूरी करने पर भी जोर दिया।

बस्तर और सरगुजा समेत दूरस्थ क्षेत्रों पर फोकस

बैठक में बस्तर और सरगुजा संभाग के साथ दूरस्थ अनुसूचित क्षेत्रों में खेल गतिविधियों का विस्तार करने पर चर्चा हुई। विभाग का कहना है कि खेल प्रतिभाओं को अवसर केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जिला और दूरदराज के क्षेत्रों से सामने आने वाले खिलाड़ियों को भी प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए।

टॉप-100 एथलीट्स की जानकारी जल्द देने के निर्देश

बैठक में वर्तमान में जारी टॉप-100 एथलीट्स में शामिल अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से संबंधित लंबित जानकारी जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। खिलाड़ियों से जुड़ी जानकारी को व्यवस्थित रखने और प्रशासनिक प्रक्रिया को आसान व पारदर्शी बनाने पर भी जोर दिया गया।

खेल संघों और विभाग के बीच बनेगी संयुक्त रिव्यू समिति

विभाग और खेल संघों के बीच नियमित संवाद को मजबूत करने के लिए संयुक्त रिव्यू समिति के गठन की घोषणा की गई। यह समिति खेल गतिविधियों की प्रगति, खिलाड़ियों से जुड़े मुद्दों और खेल संघों की जरूरतों की नियमित समीक्षा करेगी। खेल संस्थाओं के पंजीयन से जुड़े विषयों पर रजिस्ट्रार फर्म एवं सोसाइटी कार्यालय के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।

डोपिंग को लेकर खिलाड़ियों को किया जाएगा जागरूक

बैठक में खिलाड़ियों को डोपिंग और प्रतिबंधित पदार्थों के नुकसान के प्रति जागरूक करने के लिए डोपिंग सेमिनार आयोजित करने पर भी सहमति बनी। विभाग ने खेल संघों से लगातार समन्वय बनाए रखने और प्रदेश में खेल गतिविधियों को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

विभाग का उद्देश्य खेल संघों की विशेषज्ञता और सरकारी संसाधनों को साथ लेकर प्रदेश में ऐसा मजबूत खेल तंत्र तैयार करना है, जहां जिला और दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने, प्रशिक्षण लेने और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिल सकें।