Chhattisgarh Tourism : देश के पर्यटन एवं हॉस्पिटेलिटी क्षेत्र की अग्रणी संस्था फेडरेशन ऑफ एसोसिएशंस इन इंडियन टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी (FAITH) द्वारा होटल ताज, नई दिल्ली में आयोजित फेथ कांक्लेव 2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन ने अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराते हुए राष्ट्रीय पर्यटन परिदृश्य में प्रदेश की सशक्त पहचान को नई ऊंचाई प्रदान की।
रायपुर, 18 जुलाई 2026। नई दिल्ली के होटल ताज में आयोजित फेथ कांक्लेव 2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने पर्यटन उद्योग के सामने राज्य की नई संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। सम्मेलन के दौरान देशभर के ट्रैवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटर्स, हॉस्पिटेलिटी विशेषज्ञों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और जनजातीय पर्यटन में गहरी रुचि दिखाई।
देशभर के पर्यटन उद्योग को दिखाई अपनी नई ताकत
- कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा और पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने राज्य में विकसित हो रहे पर्यटन ढांचे, नई पर्यटन नीति, ईको-टूरिज्म, होम-स्टे, धार्मिक पर्यटन और निजी निवेश के अवसरों पर विस्तार से जानकारी दी।
- पर्यटन बोर्ड ने विभिन्न राज्यों और अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल नेटवर्क से जुड़े प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ भ्रमण का आमंत्रण भी दिया, ताकि वे राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और पर्यटन स्थलों का प्रत्यक्ष अनुभव कर सकें।
- नीलू शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को रोजगार सृजन, स्थानीय आर्थिक विकास और निवेश बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों से छत्तीसगढ़ को अपने प्रमुख पर्यटन सर्किट में शामिल करने का आग्रह किया।
- वहीं, पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने कहा कि राज्य में पर्यटन अधोसंरचना को मजबूत करने, डिजिटल प्रचार-प्रसार बढ़ाने, निजी क्षेत्र की भागीदारी सुनिश्चित करने और गुणवत्तापूर्ण पर्यटन सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पसंदीदा पर्यटन गंतव्य बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
- फेथ कांक्लेव के दौरान पर्यटन विशेषज्ञों ने माना कि छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक, धार्मिक, साहसिक और जनजातीय पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। प्रभावी प्रचार और निवेश के जरिए राज्य को देश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शामिल किया जा सकता है।
- सम्मेलन में छत्तीसगढ़ पर्यटन की भागीदारी को राज्य के लिए नए निवेश, बेहतर पर्यटन नेटवर्क और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया।


