मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के कुनकुरी छठ घाट में उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने प्रदेश की समृद्धि की कामना की और घाट के सौंदर्यीकरण के लिए ₹5.17 करोड़ की स्वीकृति की घोषणा की।

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने आज छठ महापर्व के पावन अवसर पर जशपुर जिले के कुनकुरी छठ घाट में उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी नागरिकों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए प्रदेशवासियों को छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ पूजा सूर्य उपासना और सामाजिक समरसता का प्रतीक है, जो समाज में एकता और भाईचारे का संदेश देती है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कुनकुरी छठ घाट के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत हुई ₹5.17 करोड़ की राशि

मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्र में श्रद्धा और आस्था से जुड़े इस पर्व में शामिल होना सौभाग्य की बात लगती है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुनकुरी छठ घाट के सौंदर्यीकरण हेतु लगभग 5 करोड़ 17 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से घाट पर सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिल सके।

छठ पर्व पर जुटे जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन

इस अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह, जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। श्रद्धालुओं ने आस्था और उत्साह के साथ छठी मइया की पूजा की और सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया।