संत कबीर जयंती महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना को 3 महीने बढ़ाने का ऐलान किया। उपभोक्ताओं को सरचार्ज माफी का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में राज्यपाल थावरचंद गहलोत समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

संत कबीर जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित सोनपैरी सद्गुरु कबीर आश्रम में आयोजित संत कबीर महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने घोषणा की कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की अवधि तीन महीने के लिए बढ़ाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता सरचार्ज माफी और अन्य प्रावधानों का लाभ लेकर अपने लंबित बिजली बिल जमा कर सकें। इस अवसर पर कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और बड़ी संख्या में संत-महात्मा व कबीरपंथी अनुयायी मौजूद रहे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

संत कबीर के विचार आज भी प्रासंगिक

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कहा कि संत कबीर ने सत्य, समरसता, मानव सेवा और सद्भाव का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि जात-पात, भेदभाव और सामाजिक विभाजन से ऊपर उठकर संत कबीर ने मानवता का संदेश दिया, जिसकी आज भी उतनी ही आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री बोले- समाज में समरसता का संदेश देते हैं संत कबीर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि उनका बचपन कबीरपंथी समाज के बीच बीता है और संत कबीर की शिक्षाओं का उनके जीवन पर गहरा प्रभाव रहा है। उन्होंने कहा कि संत कबीर ने अपने पूरे जीवन में छुआछूत, जातिवाद और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई तथा समाज को प्रेम, भाईचारे और समानता का मार्ग दिखाया।

वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्यपाल थावरचंद गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने आश्रम परिसर में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।

विकास योजनाओं का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लाखों आवासों का निर्माण, महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना, पीएम जनमन योजना, श्रीरामलला दर्शन योजना और प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना जैसी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का भी उल्लेख करते हुए लोगों से इसका अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि शिकायतों का तय समय-सीमा में समाधान किया जाएगा और लापरवाही करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी होगी। संत कबीर महोत्सव के दौरान आध्यात्मिक संदेशों के साथ जनकल्याण और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण संदेश भी प्रदेशवासियों को दिए गए।