मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुनकुरी स्थित भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। उन्होंने तुलसी अर्चन कार्यक्रम में 51 हजार तुलसी दल अर्पित किए और प्रदेश की समृद्धि व जनकल्याण की प्रार्थना की।

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ महाप्रभु श्री जगन्नाथ, माता सुभद्रा और बलराम जी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और कल्याण की मंगलकामना की।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तुलसी अर्चन कार्यक्रम में अर्पित किए 51 हजार तुलसी दल

मंदिर परिसर में श्री जगन्नाथ सेवा समिति कुनकुरी द्वारा आयोजित तुलसी अर्चन कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री श्री साय ने भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ को 51 हजार तुलसी दल अर्पित कर विशेष पूजन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की निरंतर प्रगति, सामाजिक एकता और जनकल्याण के लिए भगवान से आशीर्वाद मांगा।

CM विष्णु देव साय ने श्रद्धालुओं से की भेंट, समिति की सराहना की

मुख्यमंत्री श्री साय ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात की और उनकी कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने श्री जगन्नाथ सेवा समिति कुनकुरी के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत ऐसे धार्मिक आयोजनों से और अधिक सशक्त होती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समाज को भक्ति, श्रद्धा और एकता के सूत्र में जोड़ते हैं। मुख्यमंत्री ने समिति को इस पावन आयोजन के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। सभी ने मिलकर भगवान श्री जगन्नाथ के चरणों में श्रद्धा अर्पित की।