कोलकाता में CSC के 17वें स्थापना दिवस समारोह में धमतरी के PACS ड्रोन मॉडल को राष्ट्रीय पहचान मिली। ड्रोन सेवा, डिजिटल क्रॉप सर्वे और किसान पंजीयन की पहल की सराहना हुई।

रायपुर। कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के 17वें स्थापना दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित धोनो धान्यो ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले की अभिनव 'PACS ड्रोन मॉडल' पहल को विशेष पहचान मिली। इस दौरान जिले में प्राथमिक कृषि साख समितियों (PACS) के माध्यम से संचालित ड्रोन सेवाओं, डिजिटल क्रॉप सर्वे और किसान पंजीयन (फार्मर रजिस्ट्री) जैसे नवाचारों की देशभर के विशेषज्ञों ने सराहना की। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री दिलीप घोष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

PACS Drone Model: कृषि में ड्रोन तकनीक बना धमतरी की नई पहचान

राष्ट्रीय समारोह के दौरान जिला पंचायत धमतरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा ने 'PACS के माध्यम से कृषि उन्नयन' विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में भाग लिया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में ड्रोन सेवाओं के विस्तार और PACS को 'वन स्टॉप रूरल सर्विस सेंटर' के रूप में विकसित करने की विस्तृत योजना प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में धमतरी जिले की 10 प्राथमिक कृषि साख समितियों के माध्यम से किसानों के खेतों में ड्रोन की मदद से तरल उर्वरकों का छिड़काव किया जा रहा है। यह पहल छत्तीसगढ़ में अपनी तरह की एक महत्वपूर्ण और अभिनव व्यवस्था मानी जा रही है।

Digital Agriculture: किसानों को एक ही स्थान पर मिलेंगी आधुनिक सेवाएं

श्री नाहटा ने बताया कि आने वाले समय में PACS के माध्यम से किसानों को कृषि यंत्रीकरण, डिजिटल सेवाएं, फसल सर्वेक्षण, किसान पंजीयन, बैंकिंग सुविधाएं और अन्य आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की योजना है। इस व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक कृषि तकनीकों की पहुंच और मजबूत होगी। साथ ही किसानों को तकनीक आधारित सेवाओं का लाभ बिना किसी अतिरिक्त परेशानी के आसानी से मिल सकेगा।

Modern Farming: तकनीक से बढ़ेगी किसानों की आय और घटेगी लागत

कार्यक्रम में मौजूद विशेषज्ञों और वक्ताओं ने कहा कि कृषि क्षेत्र में ड्रोन और डिजिटल तकनीकों का बढ़ता उपयोग किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत कम करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी पहलें भविष्य की स्मार्ट खेती का आधार बन सकती हैं और किसानों को आधुनिक कृषि प्रणाली से जोड़ने में मदद करेंगी।

CSC National Event: उत्कृष्ट कार्य करने वाले VLE भी हुए सम्मानित

राष्ट्रीय समारोह में बेहतर कार्य करने वाले CSC-वीएलई (Village Level Entrepreneurs) को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के अपर मुख्य सचिव, भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय के सचिव तथा CSC ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अखिल कुमार सहित देशभर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और CSC प्रतिनिधि उपस्थित रहे।