Sardar Patel Jayanti 2025: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने 562 रियासतों को जोड़कर अखंड भारत बनाया। इस मौके पर ‘रन फॉर यूनिटी’ और कई प्रतियोगिताएं भी हुईं।

Sardar Patel 150th Jayanti: देश के पहले उप-प्रधानमंत्री और गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी 150वीं जयंती पर पूरे देश में याद किया गया। रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि 'सरदार पटेल अपनी मेहनत, ईमानदारी और मजबूत इच्छाशक्ति की वजह से लौहपुरुष बने। आज़ादी के बाद जब देश कई रियासतों में बंटा हुआ था, तब पटेल ने अपनी समझदारी और दृढ़ निश्चय से 562 रियासतों का भारत में विलय कर अखंड भारत का निर्माण किया।' कार्यक्रम का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में किया गया। इस मौके पर उप-मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और विधायक राजेश मूणत मौजूद थे।

पटेल का जीवन एकता और समर्पण की मिसाल-मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि 'सरदार पटेल का जीवन देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने अपने साहस और बड़े सोच से टुकड़ों में बटी रियासतों को जोड़कर भारत को एक सूत्र में बांधा।' उन्होंने बताया कि गुजरात के केवड़िया में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य को भी आमंत्रित किया गया है, जहां राज्य का एक विशेष स्टॉल लगाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 'रन फॉर यूनिटी' सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की एकता, फिटनेस और टीम स्पिरिट का प्रतीक है।

सरदार पटेल ने किसानों और आजादी के लिए बड़ी लड़ाई लड़ी- उप-मुख्यमंत्री

उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ किसानों के अधिकारों और देश की आज़ादी के लिए कठोर संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि इसी कारण उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। साव ने घोषणा की कि राज्य के सभी संभागीय मुख्यालयों में सरदार पटेल की भव्य प्रतिमाएं लगाई जाएंगी। इसके लिए नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा प्रत्येक निकाय को 50-50 लाख रुपये दिए जाएंगे।

स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिता में बनाए गए चित्रों का अवलोकन किया और लोगों से ‘स्वदेशी अपनाने’ और ‘मेड इन इंडिया उत्पादों के उपयोग’ की शपथ दिलाई।

'रन फॉर यूनिटी' और छात्र प्रतियोगिताएं

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें रन फॉर यूनिटी, कॉलेज छात्रों के लिए रंगोली, चित्रकला, भाषण और कविता पाठ प्रतियोगिताएं शामिल थीं। मुख्यमंत्री ने इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए और रन फॉर यूनिटी के प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने ‘बस्तर ओलंपिक’ के प्रचार रथ को भी रवाना किया, जो बस्तर संभाग के सभी जिलों में जाकर इस आयोजन का प्रचार करेगा।

'सरदार@150 यूनिटी मार्च' डेढ़ महीने तक चलेगा

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार ने स्वागत भाषण में बताया कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ के तहत कई कार्यक्रम अगले डेढ़ महीने तक लगातार आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर विभाग की संचालक श्रीमती तनूजा सलाम, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन, अधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें- ‘रन फॉर यूनिटी’ में शामिल हुए सीएम साय, कहा - “हम सब मिलकर हैं भारत की ताकत”

इसे भी पढ़ें- CM विष्णुदेव साय ने जशपुर के फरसाबहार में विकास परियोजनाओं का किया शुभारंभ, 40 करोड़ से होगा समग्र विकास