रायपुर में शाला प्रवेश उत्सव के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने नए विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को अच्छी शिक्षा और बेहतर अवसर देना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
रायपुर: छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने शनिवार, 11 जुलाई को स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट अंग्रेजी माध्यम स्कूल, उदयपुर में आयोजित विकासखंड स्तरीय 'शाला प्रवेश उत्सव' में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने नए दाखिला लेने वाले बच्चों का आत्मीय स्वागत किया। मंत्री ने बच्चों को मिठाई खिलाकर उनके नए शैक्षणिक जीवन की शुरुआत कराई और उन्हें अध्ययन सामग्री भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
बच्चों का किया गर्मजोशी से स्वागत
कार्यक्रम में मंत्री राजेश अग्रवाल ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें पढ़ाई के लिए जरूरी सामग्री दी। उन्होंने कहा कि स्कूल का पहला दिन बच्चों के जीवन का खास पड़ाव होता है और इसकी अच्छी शुरुआत उन्हें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास देती है।
शिक्षा को बताया सबसे मजबूत नींव
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि हर बच्चे को अच्छी शिक्षा और आगे बढ़ने के बराबर अवसर देना राज्य सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों को बेहतर इंसान बनाने और समाज को मजबूत करने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसा माहौल तैयार करना जरूरी है, जहां हर बच्चा अपनी प्रतिभा को पहचान सके और अपने सपनों को पूरा कर सके।
स्कूल सिर्फ पढ़ाई की जगह नहीं
मंत्री ने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं है। यहां बच्चों को अच्छे संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर व्यक्तित्व भी मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, नियमित स्कूल आने और जीवन में बड़ा लक्ष्य तय कर मेहनत करने की अपील की।
मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मंत्री राजेश अग्रवाल ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की और उनकी प्रतिभा की जमकर तारीफ की। इस मौके पर मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। मंत्री ने उनके अच्छे प्रदर्शन की तारीफ करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत करने और लगातार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका सबसे अहम
नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में परिवार और शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। सभी के मिलकर किए गए प्रयासों से ही एक शिक्षित, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पर बच्चों का उत्साह बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


