पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन इमारत गिरने के मामले में दिल्ली पुलिस ने तीन ठेकेदारों को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है और कई लोग अभी भी मलबे में दबे हैं।
नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके की गली शीश महल में एक निर्माणाधीन इमारत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में दो लोगों की जान चली गई है। मामले में कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने तीन ठेकेदारों— सिराज, ताजुद्दीन और फुरकान को फरीदाबाद जिले के सिरोही गांव से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, इन तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गुरुवार को एसडीएम मनोज कुमार ने बताया कि गिरी हुई इमारत के बेसमेंट में अभी भी 5 लोगों के फंसे होने की आशंका है। अब तक 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। उन्होंने बताया कि नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (NDRF) और दिल्ली नगर निगम (MCD) की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। हादसे की वजह बताते हुए एसडीएम ने कहा कि यह इमारत एक छोटे से प्लॉट पर बन रही थी। ऐसा लग रहा है कि कंक्रीट के सूखने से पहले ही सेंट्रिंग (अस्थायी सपोर्ट) हटा ली गई थी। उन्होंने कहा,
छोटे से प्लॉट पर चार मंजिला इमारत बनाई गई थी। गीला मलबा अब बेसमेंट में जम गया है और उसी में लोग फंसे हैं। फिलहाल NDRF और MCD के 30 जवान बचाव कार्य में लगे हैं।
बता दें कि गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे यह हादसा हुआ। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दूसरी और तीसरी मंजिल पर अवैध निर्माण चल रहा था, जिसके ढहने से पूरी इमारत गिर गई। बचाव दल और प्रशासन ने तुरंत मौके पर पहुंचकर फ्लडलाइट्स की मदद से रात भर तलाशी अभियान चलाया।
इलाके की तंग गलियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन को काफी मुश्किल बना दिया है। यह इमारत एक ऐसी गली के आखिर में है जो मुश्किल से तीन फीट चौड़ी है। इस वजह से वहां गाड़ियां, रेस्क्यू ट्रक या भारी मशीनें नहीं पहुंच पा रही हैं।






