दिल्ली नगर निगम (MCD) ने अवैध निर्माण और खतरनाक इमारतों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में 36 संपत्तियों पर बुलडोजर चला और कई को सील किया गया।
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (MCD) ने खतरनाक इमारतों और अवैध निर्माण के खिलाफ अपना एक्शन जारी रखा है। मास्टर प्लान ऑफ दिल्ली (MPD) और बिल्डिंग बाय-लॉज तोड़ने वालों पर एमसीडी लगातार शिकंजा कस रही है। लोगों की सुरक्षा और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए एमसीडी के सभी 12 जोनों में यह सख्त अभियान चलाया जा रहा है।
निगम की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, आज की बड़ी कार्रवाई के तहत सभी 12 जोनों में 36 जगहों पर तोड़फोड़ की गई। इसके अलावा नियमों की अनदेखी करने पर 2 संपत्तियों को सील कर दिया गया और 3 संपत्तियों को गिराने का आदेश जारी किया गया है।
एमसीडी अपने अधिकार क्षेत्र में पूरी नजर रख रही है और जहां भी नियम टूट रहे हैं, वहां तुरंत एक्शन ले रही है। इससे पहले कल भी एमसीडी ने ऐसा ही बड़ा अभियान चलाया था। तब मास्टर प्लान और बिल्डिंग बाय-लॉज के उल्लंघन में 33 संपत्तियों पर बुलडोजर चला था और 12 संपत्तियों को सील किया गया था।
आज की कार्रवाई में दिल्ली के कई प्रमुख इलाके शामिल रहे। इनमें मोतिया खान, पहाड़गंज, बलजीत नगर, रंजीत नगर, मुकुंदपुर, शकूरपुर और सहयोग अपार्टमेंट जैसी जगहों पर एमसीडी का बुलडोजर गरजा।
एमसीडी ने साफ कर दिया है कि दिल्ली में किसी भी तरह का अवैध निर्माण या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगम ने अपने फील्ड अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने इलाकों में कड़ी निगरानी रखें। अगर कोई भी मास्टर प्लान या बिल्डिंग बाय-लॉज तोड़ता दिखे, तो उसके खिलाफ तुरंत जरूरी कार्रवाई की जाए।
लोगों की जान को खतरे में डालने वाली खतरनाक इमारतों और अवैध निर्माणों के खिलाफ एमसीडी का यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
