दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत लोगों से जनभागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि टीबी पूरी तरह इलाज योग्य बीमारी है और समय पर जांच व इलाज से मरीज स्वस्थ हो सकते हैं। जानिए अभियान और 'निक्षय मित्र' पहल की पूरी जानकारी।
टीबी (क्षय रोग) को लेकर लोगों के मन में आज भी कई तरह की भ्रांतियां हैं, लेकिन समय पर जांच और पूरा इलाज इस बीमारी को पूरी तरह ठीक कर सकता है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को नागरिकों, सामाजिक संगठनों और कॉरपोरेट क्षेत्र से टीबी मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह जनभागीदारी से जुड़ा राष्ट्रीय अभियान है।
दिल्ली सचिवालय में आयोजित जनप्रतिनिधियों की जागरूकता कार्यशाला में मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
यह भी पढ़ें: कुरनूल से पूरे देश तक पहुंचेगी ग्रीन एनर्जी, PM मोदी ने किया मेगा ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट का शुभारंभ
'दिल्ली ने हासिल किया 95% से अधिक वार्षिक लक्ष्य'
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) और दिल्ली राज्य स्वास्थ्य मिशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा तय किए गए टीबी मरीजों की पहचान और पंजीकरण के लक्ष्य के मुकाबले दिल्ली लगातार अपने वार्षिक लक्ष्य का 95 प्रतिशत से अधिकहासिल कर रही है।
उन्होंने कहा कि अब टीबी पूरी तरह इलाज योग्य बीमारी है। यदि मरीज समय पर जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह के अनुसार पूरा इलाज लें, तो वे पूरी तरह स्वस्थ हो सकते हैं।
'TB मुक्त भारत अब जन आंदोलन बन चुका है'
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में टीबी मुक्त भारत अभियान अब केवल सरकारी योजना नहीं रह गया है, बल्कि यह देशव्यापी जन आंदोलन का रूप ले चुका है।
उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा में टीबी उन्मूलन का लक्ष्य हासिल करने के लिए हर नागरिक, सामाजिक संगठन, जनप्रतिनिधि और निजी क्षेत्र की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
'निक्षय मित्र' पहल और जागरूकता अभियान पर दिया जोर
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने टीबी जागरूकता पर आधारित एक विशेष वीडियो भी प्रदर्शित किया। वहीं दिल्ली राज्य स्वास्थ्य मिशन ने अभियान की उपलब्धियों, मौजूदा स्थिति और आगे की कार्ययोजना पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न सूचना एवं जागरूकता स्टॉलों का निरीक्षण किया। खास तौर पर उन्होंने 'निक्षय मित्र' पहल से जुड़े स्टॉल का दौरा कर टीबी मरीजों को दी जा रही पोषण सहायता, सामुदायिक सहयोग, पुनर्वास और डिजिटल सहायता प्रणाली की जानकारी ली।
हर वार्ड तक पहुंचाने के निर्देश
रेखा गुप्ता ने अधिकारियों के साथ अभियान की प्रगति और मरीजों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि टीबी मुक्त भारत अभियान को दिल्ली के हर वार्ड, विधानसभा क्षेत्र और स्थानीय समुदाय तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें।
इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह, सांसद, विधायक, पार्षद, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
क्या है टीबी मुक्त भारत अभियान?
टीबी मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य देश से क्षय रोग को खत्म करना है। इसके तहत मरीजों की जल्द पहचान, मुफ्त जांच और इलाज, पोषण सहायता, जागरूकता अभियान तथा 'निक्षय मित्र' जैसी पहल के जरिए सामुदायिक सहयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का मानना है कि समय पर उपचार और जनभागीदारी से टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को तेजी से हासिल किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: 'गजनी' के विलेन ने दुनिया को कहा अलविदा, 74 साल की उम्र में अभिनेता प्रदीप रावत का निधन
