सोनीपत में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने 10 साल पहले हरियाणा को दलालों और दामादों के हवाले कर दिया था। किसानों की जमीन को जमकर लूटा गया था।

सोनीपत। हरियाणा में हो रहे विधानसभा चुनाव (Haryana Assembly Elections) को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सोनीपत में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला किया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

नरेंद्र मोदी ने कहा, "याद कीजिए, 10 साल पहले जब यहां कांग्रेस की सरकार थी। तब क्या होता था? आज जो नए वोटर हैं न, 18 साल-20 साल के, उन्हें तो पता तक नहीं होगा कि 10 साल पहले हरियाणा को कैसे लूटा गया था। तब हरियाणा में किसानों की जमीन को जमकर लूटा गया। कांग्रेस ने हरियाणा को दलालों और दामादों के हवाले कर दिया था। दलालों और दामादों से बचना है तो कमल ही बचाएगा।"

Scroll to load tweet…

नरेंद्र मोदी ने जनसभा में कहीं ये 10 बड़ी बातें

"10 साल पहले हरियाणा में एक भी नौकरी ऐसी नहीं थी, जिसमें फर्जी और पर्ची नहीं चलती हो। सरकारी ठेकों में जमकर भ्रष्टाचार होता था। हरियाणा को लूटकर खाने वाली कांग्रेस को हरियाणा की सरकार से मीलों दूर रखना है तब हरियाणा बचेगा।"

"आज कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है। जरा देखिए, अभी तो दो साल हुए हैं, क्या हाल करके रखा है। कांग्रेस के मुख्यमंत्री पर जमीन घोटाले के आरोप लगे हैं। जब इनकी जांच शुरू हुई तो कर्नाटक के सीएम हाईकोर्ट चले गए। हाईकोर्ट ने भी उनको एक और डंडा मारा। हाईकोर्ट ने साफ-साफ कहा कि जांच के आदेश सही है। जांच होनी चाहिए। हरियाणा में उनको यह पाप करने दे सकते हैं क्या?"

"आप ये गलती मत करना कि 10 साल बाहर रहे हैं तो सुधर गए होंगे। ये कभी सुधर नहीं सकते। कर्नाटक में सिर्फ जमीन घोटाले का मामला नहीं है। वहां दलितों के लिए जो फंड था उसमें भी कांग्रेस ने घोटाला किया।"

"कांग्रेस से बड़ी बेईमान और धोखेबाज पार्टी देश में और कोई नहीं है। ये हरियाणा के किसानों के लिए बड़ी-बड़ी घोषणाएं करते हैं, लेकिन जहां सत्ता में हैं वहां लागू नहीं करते। ये झूठ बोल रहे हैं। आपकी आंखों में धूल झोंक रहे हैं।"

"हरियाणा की वीर माताओं की हजारों संतानें आज बॉर्डर पर हैं। यहां की अनेक संतानें हैं, जिन्होंने जम्मू-कश्मीर में हालात सामान्य बनाने में मदद की है। आप मत भूलिए, कांग्रेस की कुनीति से निकले पत्थर हरियाणा की संतानों पर फेंके जाते थे। आज जब जम्मू-कश्मीर में शांतिपूर्ण मतदान होते हैं, तो सबसे ज्यादा खुशी हरियाणा की वीर माताओं को होती हैं, लेकिन कांग्रेस और उसके साथियों को जम्मू-कश्मीर में शांति पसंद नहीं है।"

"कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में फिर से धारा 370 वापस लाना चाहती है। कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में आतंक और अलगाव को फिर से हवा देना चाहती है। तुष्टिकरण के लिए कांग्रेस देश के दुश्मनों के एजेंडा को भारत में लागू करना चाहती है।"

"धारा 370 को वापस लाना उन वीरों की कुर्बानी का अपमान होगा जिन्होंने जम्मू-कश्मीर में आतंक के खिलाफ लड़ाई लड़ी है।"

"कांग्रेस ने दलितों और पिछड़ों के खिलाफ भी धोखा किया है। आजकल कांग्रेस के भीतर यहां जो लड़ाई हो रही है वो पुराने पापों का परिणाम है। 2014 से पहले जब यहां कांग्रेस का राज था। तब वैसा कोई साल नहीं था जब दलितों के साथ अन्याय नहीं होता था। अनेक दलितों को जान से हाथ धोना पड़ा। दलित परिवारों की बहू-बेटियों पर अत्याचार होते थे।"

"कांग्रेस ने हमेशा ही दलित, ओबीसी और आदिवासियों को भागीदारी से वंचित रखा है। ये तो बाबा साहेब अंबेडकर थे, जिन्होंने दलितों को आरक्षण दिया। नहीं तो ओबीसी की तरह दलितों को भी अपने हक के लिए कांग्रेस की हार का इंतजार करना पड़ता। जब जब कांग्रेस सरकार से दूर रही है गरीबों को एससी, एसटी और ओबीसी को उनका हक मिला है। जब भी कांग्रेस सरकार में रही है उसने गरीबों का हक छीना है।"

"कांग्रेस के शाही परिवार से जो भी प्रधानमंत्री बना उसने हमेशा आरक्षण का विरोध किया है। आरक्षण का विरोध, आरक्षण से नफरत, कांग्रेस के डीएनए में है। इसे आज भी हम देखते हैं। कांग्रेस के शाही खानदान की चौथी पीढ़ी भी आरक्षण को हटाने की बात कर रही है। आपको आरक्षण विरोधी चालों से सावधान रहना है।"

यह भी पढ़ें- योगी आदित्यनाथ का हरियाणा में गरजा 'विकास' का नारा, कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना