हरियाणा के पानीपत में एक चौंकाने वाली घटना हुई है। यहां चार हथियारबंद लोग एक घर में घुसे और परिवार के सामने तीन महिलाओं के साथ गैंगरेप किया।

पानीपत। हरियाणा के पानीपत में हथियारों से लैस चार लोगों ने एक घर में घुसकर तीन महिलाओं के साथ गैंगरेप किया। परिवार के सामने महिलाओं की इज्जत लूटी गई। हमलावरों ने परिवार के लोगों को रस्सी की मदद से बांध दिया था। पीड़ित परिवार मजदूरी करता है। पीड़ित महिलाएं भी मजदूरी करती हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना बुधवार को घटी थी। पुलिस ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। हमलावर चाकू जैसे धारदार हथियार लेकर आए थे। गैंगरेप के बाद हमलावर घर में रखे गहने और पैसे लेकर भाग गए।

पीड़ित महिलाओं ने बताया सुबह चार बजे तक हमलावरों ने ढाया जुल्म

पीड़ित महिलाओं ने पुलिस को बताया कि बुधवार की रात वे अपने घर में सो रहीं थी। उसी वक्त मुंह पर कपड़ा बांधे चार लोग आए। वे लोग हमारे पतियों और बच्चों को कमरों से बाहर ले गए और रस्सी से बांध दिया। इसके बाद उन्होंने बारी-बारी से हमारे साथ गैंगरेप किया। हमलावरों ने महिलाओं को पहले एक रूम में बंद कर दिया। इसके बाद एक के बाद एक कर महिलाओं को बरामदा में ले गए और गैंगरेप किया। उन्होंने धमकी दी कि चिल्लाई तो हत्या कर देंगे। वे सुबह चार बजे तक महिलाओं पर जुल्म ढाते रहे।

बीमार महिला की हत्या

बुधवार रात को पानीपत में महिला पर हमला किए जाने की एक और घटना हुई थी। जिस जगह तीन महिलाओं के साथ गैंगरेप किया गया उससे करीब एक किलोमीटर दूर एक बीमार महिला पर हमला किया गया जिससे उसकी मौत हो गई। अपराधियों ने पहले महिला के पति को लूटा था।

पुलिस को शक है कि दूसरी घटना में भी वही लोग शामिल थे जिन्होंने पहले तीन महिलाओं के साथ गैंगरेप किया था। हमलावर जबरन दंपति के घर में घुसे और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने उस व्यक्ति से कुछ नकदी और उसका मोबाइल फोन भी लूट लिया। पानीपत के मडलौडा पुलिस स्टेशन के एसएचओ विजय ने कहा कि दोनों घटनाएं एक ही गांव में हुईं। इन मामलों में जांच चल रही है।