CM भूपेंद्र पटेल ने मुंबई में उद्योगपतियों से मुलाकात कर Vibrant Gujarat Summit 2027 में शामिल होने का न्योता दिया। EV, स्टील और टेक्सटाइल निवेश पर चर्चा हुई।
गांधीनगर। गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को मुंबई में वाइब्रेंट गुजरात समिट 2027 की तैयारियों और राज्य में निवेश की संभावनाओं को लेकर उद्योग जगत के कई दिग्गजों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं। इन बैठकों में गुजरात में नए निवेश, औद्योगिक विस्तार और अलग-अलग सेक्टर में भविष्य के अवसरों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों से वाइब्रेंट गुजरात समिट 2027 में हिस्सा लेने का आह्वान किया। बैठक के दौरान देश के प्रमुख उद्योगपतियों ने गुजरात में निवेश और वाइब्रेंट गुजरात समिट से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए।
आइए जानते हैं, गुजरात में निवेश को लेकर उद्योग जगत के दिग्गजों ने क्या कहा।
EV Investment: गुजरात में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के अवसरों पर आनंद महिंद्रा से चर्चा
महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन श्री आनंद महिंद्रा ने गुजरात में निवेश से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि गुजरात में निवेश को लेकर उनकी पहली बैठक इसी कमरे में उस समय के गुजरात के मुख्यमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के साथ हुई थी। उस दौरान मुख्यमंत्री मोदी की दूरदर्शिता ने उन्हें काफी प्रभावित किया था। आनंद महिंद्रा ने कहा कि आज मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल के साथ चर्चा करना उनके लिए बेहद खुशी की बात है। बैठक में गुजरात में निवेश को लेकर भविष्य की योजनाओं पर आत्मीय संवाद हुआ।
इस दौरान महिंद्रा ग्रुप के साथ गुजरात में इलेक्ट्रिक व्हीकल यानी ईवी और गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंसियल टेक-सिटी यानी गिफ्ट सिटी में उपलब्ध अवसरों को लेकर भी फलदायी चर्चा हुई। निवेश, सहयोग और विकास के नए रास्तों पर विचार किया गया। इससे अग्रणी निवेश स्थल के रूप में गुजरात की स्थिति को और मजबूत करने की दिशा में संभावनाएं तलाशी गईं।
Gujarat Shipping Policy: निखिल मर्चेंट ने की गुजरात की शिपिंग पॉलिसी की तारीफ
स्वान कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक श्री निखिल मर्चेंट ने भी बैठक को लेकर अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि गुजरात में कंपनी के परिचालन के विस्तार और आधुनिकीकरण की योजनाओं को लेकर ‘स्वान एनर्जी’ के साथ सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ कंपनी के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय कारोबार को समर्थन देने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी और आसपास के एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत पर भी बातचीत हुई। निखिल मर्चेंट ने गुजरात की शिपिंग पॉलिसी की सराहना करते हुए कहा कि गुजरात उद्योग आधारित विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
Textile Investment: गुजरात के मजबूत टेक्सटाइल इकोसिस्टम पर वेलस्पन की नजर
वेलस्पन इंडिया लिमिटेड की सीईओ दीपाली गोयनका ने कहा कि वैश्विक टेक्सटाइल क्षेत्र में गुजरात के नेतृत्व को और मजबूत बनाने को लेकर वेलस्पन ग्रुप के साथ सार्थक बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि राज्य के मजबूत टेक्सटाइल इकोसिस्टम और उद्योगों के अनुकूल नीतियों का लाभ उठाकर गुजरात में नए निवेश और विस्तार की संभावनाओं पर विचार किया गया। इन प्रयासों के जरिए विकास, निर्यात और रोजगार को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई।
Copper Recycling: दिसंबर में प्लांट उद्घाटन को लेकर भी चर्चा
हिंडाल्को कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) श्री सतीश पाई ने कहा कि गुजरात के औद्योगिक और मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम में मौजूद संभावनाओं को लेकर कंपनी के नेतृत्व के साथ रचनात्मक बैठक हुई। बैठक में कॉपर रिसाइक्लिंग, ई-वेस्ट मैनेजमेंट और सर्कुलर इकोनॉमी जैसी पहलों से जुड़े अवसरों पर चर्चा की गई। सतीश पाई ने बताया कि दिसंबर में कॉपर रिसाइक्लिंग प्लांट के उद्घाटन को लेकर भी बातचीत हुई। इसके अलावा संभावित निवेश, टिकाऊ औद्योगिक पद्धतियों और गुजरात को कॉपर के प्रमुख डेस्टिनेशन के रूप में मजबूत करने के रास्तों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
Steel Plant Investment: गुजरात में 25 मिलियन टन क्षमता वाला दुनिया का सबसे बड़ा स्टील प्लांट
आर्सेलर मित्तल निप्पोन स्टील (एएम/एनएस) इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) श्री अमित हरलालका ने गुजरात में कंपनी की महत्वाकांक्षी निवेश योजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक को फलदायी बताया। उन्होंने कहा कि कंपनी जून तक 80,000 करोड़ रुपए का निवेश पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसके अलावा हजीरा में मुख्य रूप से रिन्यूएबल एनर्जी और बैटरी स्टोरेज के क्षेत्र में अतिरिक्त 10,000 करोड़ रुपए का निवेश करने की योजना है। अमित हरलालका ने बताया कि कंपनी ने गुजरात में 25 मिलियन टन की क्षमता वाला दुनिया का सबसे बड़ा स्टील प्लांट विकसित करने के अपने विजन की जानकारी भी दी है।
