रांची के नामकुम इलाके में दिनदहाड़े एक जमीन कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान मधु राय के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

रांची न्यूज : राजधानी रांची से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक जमीन कारोबारी (property deal) की गोली मारकर हत्या कर दी। 10 राउंड से अधिक की फायरिंग से पूरा इलाका दहल गया। जमीन कारोबारी अपनी स्कूटी से कहीं जा रहा था, तभी नामकुम इलाके में बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बदमाश मौके से फरार

मृतक जमीन कारोबारी की पहचान उलिहातू निवासी मधु राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जमीन कारोबारी मधु राय अपनी स्कूटी से टाटीसिलवे से रामपुर जा रहा था, तभी नामकुम में अपराधियों ने कारोबारी को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी, जहां गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अपराधियों की पहचान के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण एसपी सुमित अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।

पूरी प्लानिंग के साथ घटना को दिया अंजाम

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। पूरे मामले पर डीएसपी मुख्यालय अमर कुमार पांडेय ने कहा है कि जिस तरह से हत्या को अंजाम दिया गया है, उससे साफ है कि अपराधियों ने पूरी प्लानिंग के साथ इस घटना को अंजाम दिया है। मौके पर FSL और डॉग स्क्वायड टीम आई. घटना की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।