झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए बुधवार को शाम 5 बजे तक 64.86 फीसदी मतदान हुआ।
Jharkhand Elections 2024: शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न, 5 बजे तक 64% वोटिंग

रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly Elections 2024) के पहले चरण के लिए बुधवार को मतदान हुआ। राज्य में दो चरण में चुनाव हो रहे हैं। यहां 81 विधानसभा सीटें हैं। पहले चरण में 43 सीटों पर वोट डाले गए। 20 नवंबर को फेज 2 के लिए वोटिंग होगी। फेज वन में 1.37 करोड़ मतदाता हैं। 683 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा है। इनमें 609 पुरुष, 73 महिला और 1 अन्य हैं। वोटिंग के लिए 15,344 मतदान केंद्र बनाए गए।
शाम 5 बजे तक 64.86 फीसदी मतदान
3 बजे तक 59% मतदान, धोनी ने डाला वोट
झारखंड विधानसभा चुनाव के फेज वन में बुधवार को तीन बजे तक 59.28 फीसदी मतदान हुआ है।
महेंद्र सिंह धोनी ने डाला वोट
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने रांची के एक पोलिंग बूथ पर जाकर मतदान किया है।
1 बजे तक 46.25% वोटिंग
चुनाव आयोग के अनुसार दोपहर 1 बजे तक 46.25% मतदान हुआ है। पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की भीड़ दिख रही है।
सीएम हेमंत सोरेन ने किया मतदान
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ रांची के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे और वोट डाला। उन्होंने कहा कि आज हमने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर वोट डाला है। मैं झारखंड के लोगों से अपील करता हूं कि बाहर आएं और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अपना वोट डालें।
सुबह 9 बजे तक झारखंड के सिमडेगा में सबसे ज्यादा 15.09% वोटिंग
झारखंड में सुबह 9 बजे तक कुल 13.04% वोटिंग हुई है। सबसे जयादा मतदान सिमडेगा में 15.09% हुआ है। इसके अलावा लोहरदगा में 14.97%, कोडरमा में 14.97%, सरायकेला-खरसावां में 14.6% और सबसे कम पूर्वी सिंहभूम में 11.25% वोटिंग हुई है।
झारखंड में दिव्यांग मतदाता बढ़-चढ़कर कर रहे वोटिंग
झारखंड में मतदान केंद्रों पर दिव्यांग मतदाताओं को किसी भी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए वॉलेंटियर्स हर एक चीज का ध्यान रख रहे हैं।
लातेहार में चुनाव ड्यूटी में तैनात CRPF जवान को लगी गोली
झारखंड के लातेहार स्थित लाभर में चुनाव ड्यूटी कर रहे CRPF जवान संतोष कुमार यादव को गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। बाद में डॉक्टरों ने उन्हें रांची रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह पिकेट में ही एक्सीडेंटल फायरिंग हुई, जिसमें जवान के सिर में गोली लग गई।
PM मोदी की अपील- पहले मतदान, फिर जलपान..
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के लोगों से मतदान की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिये कहा- झारखंड विधानसभा चुनाव में आज पहले दौर की वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ मतदान करें। इस मौके पर पहली बार वोट देने जा रहे अपने सभी युवा साथियों को मेरी बहुत-बहुत बधाई! याद रखें- पहले मतदान, फिर जलपान!'
रांची से JMM उम्मीदवार महुआ मांझी ने डाला वोट
हेमंत सोरेन की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) से रांची सीट पर चुनाव लड़ रहीं महुआ माझी ने वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा- मैं सभी से अपील करती हूं कि हमारी पार्टी को जिताएं। रांची शहर अभी राजधानी जैसा नहीं लगता और मैं यहां विकास करना चाहती हूं।
झारखंड में वोटिंग को लेकर युवाओं से बुजुर्गों तक सभी में भारी उत्साह
झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में कुल 683 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 73 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। वोटिंग को लेकर मतदाताओं में काफी उत्साह दिख रहा है। मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें नजर आ रही हैं।
पहले मतदाता के रूप में खूंटी जिले के डिस्ट्रिक्ट आइकन सुनील नायक ने डाला वोट
खूंटी जिले के डिस्ट्रिक्ट आइकन सुनील नायक ने पूरे उत्साह के साथ अपने मतदान केंद्र संख्या 191 पर पहुंच पहले मतदाता के रूप में किया मतदान, मतदान कर्मियों ने गुलदस्ता देकर किया स्वागत।
शुरू हुआ मतदान, पोलिंग बूथ पर लगी लाइनें
झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के पहले चरण में 43 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। लोगों में वोट डालने को लेकर उत्साह दिख रहा है। पोलिंग बूथ पर लंबी लाइनें लगी हैं।
सुरक्षा बलों की 200 से अधिक कंपनियां तैनात
मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नक्सल प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) के अनुसार 200 से अधिक सुरक्षा बल कंपनियों को तैनात किया गया है।
सुबह 7 बजे शुरू होगा मतदान
झारखंड में 43 सीटों पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। ये सीटें 15 जिलों में हैं। 683 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।