अमित शाह ने झारखंड चुनाव में भाजपा की ओर से UCC लागू करने का ऐलान किया है। आदिवासियों को इससे छूट दी जाएगी। उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर नक्सलवाद को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया।

रांची। झारखंड में विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly Elections) हो रहे हैं। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो राज्य में UCC (Uniform Civil Code) लागू करेगी। UCC से आदिवासियों को अलग रखा जाएगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अमित शाह ने रविवार को झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र 'संकल्प पत्र' जारी किया। उन्होंने कहा कि राज्य में उद्योगों और खदानों से विस्थापित लोगों के पुनर्वास के लिए विस्थापन आयोग का गठन होगा।

अमित शाह ने कहा, "हमारी सरकार झारखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करेगी। आदिवासियों को इसके दायरे से बाहर रखा जाएगा। हेमंत सोरेन और झामुमो सरकार गलत प्रचार कर रही है कि UCC से आदिवासियों के अधिकार, संस्कृति और संबंधित कानून प्रभावित होंगे। यह पूरी तरह निराधार है। आदिवासियों को इसके दायरे से बाहर रखा जाएगा।"

मार्च 2026 तक भारत से खत्म हो जाएगा नक्सलवाद

अमित शाह ने सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाले झामुमो गठबंधन पर "नक्सलवाद को बढ़ावा देने" का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार मार्च 2026 तक देश से इस खतरे को खत्म कर देगी।

चतरा जिले के सिमरिया में एक रैली में गृह मंत्री ने कहा, "यह झारखंड से दलित विरोधी, आदिवासी विरोधी, गरीब विरोधी और युवा विरोधी हेमंत सरकार को हटाने का समय है। यह सरकार राजनीतिक लाभ के लिए नक्सलवाद को बढ़ावा दे रही है।"

उन्होंने कहा, "हमने पिछले 5 वर्षों में झारखंड से इस समस्या को जड़ से उखाड़ फेंका है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार मार्च 2026 तक भारत से नक्सलवाद का सफाया कर देगी।"

झारखंड में विधानसभा की 52 सीटें जीतेगी NDA

सोरेन सरकार पर गरीबों और आदिवासियों के लिए दिए गए पैसे हड़पने का आरोप लगाते हुए गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा सत्ता में आई तो झारखंड के सभी भ्रष्ट नेताओं को जेल में डाल देगी। उन्होंने कहा, “हाल के लोकसभा चुनावों में झारखंड की जनता ने एनडीए गठबंधन को 47 प्रतिशत वोट दिए थे। 14 संसदीय सीटों में से नौ सीटें एनडीए को मिलीं। विधानसभा चुनाव में NDA झारखंड में 81 में से 52 सीटें जीतेगी।”