अमित शाह भोपाल पहुंचे, CM मोहन यादव और हेमंत खंडेलवाल ने स्वागत किया। शाह भेल में न्याय संहिता प्रदर्शनी और गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे।

भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को भोपाल पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। अमित शाह का भोपाल दौरा कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों से जुड़ा है। वे 3 अक्टूबर को भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

अमित शाह न्याय संहिता पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का करेंगे शुभारंभ

भोपाल के भेल दशहरा मैदान में केंद्रीय मंत्री अमित शाह न्याय संहिता पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन में प्रदेश के गोपालकों से जुड़े मुद्दों और राज्य में पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने से संबंधित कार्यक्रमों पर भी फोकस रहेगा।

गोपालक सम्मेलन को संबोधित करेंगे केंद्रीय सहकारिता मंत्री

अमित शाह राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होकर उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम पशुपालन और सहकारिता से जुड़े राज्य सरकार के प्रयासों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

IISER भोपाल में ‘अत्रि’ परिसर का शिलान्यास

अमित शाह अपने भोपाल दौरे के दौरान भौंरी स्थित भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER) भी जाएंगे। यहां वे संस्थान के विस्तारित ‘अत्रि’ परिसर का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी केंद्रीय मंत्री द्वारा किया जाएगा। अमित शाह के दौरे को लेकर भोपाल में प्रशासन और पुलिस स्तर पर भी तैयारियां की गई हैं। उनके कार्यक्रमों में राज्य सरकार और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।