आलीराजपुर में बलराम कृषि महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 287.32 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 53.55 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को "कृषक कल्याण वर्ष" के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इसी अभियान के तहत प्रदेशभर के सभी जिलों में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 23 जुलाई को आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर स्थित कृषि उपज मंडी में बलराम कृषि महोत्सव एवं अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की 120वीं जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिले के विकास के लिए 287.32 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे, जबकि 53.55 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे।
CM Mohan Yadav Visit: आजाद कुटिया पहुंचकर चंद्रशेखर आजाद को देंगे श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने दौरे की शुरुआत चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली 'आजाद कुटिया' से करेंगे। यहां वे अमर शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री कृषि उपज मंडी पहुंचकर आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में शामिल होंगे और किसानों को संबोधित करेंगे।
Balram Krishi Mahotsav: किसानों से संवाद, आधुनिक खेती और नई तकनीकों पर होगी चर्चा
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान जिले के प्रगतिशील किसानों से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, नवाचार, उन्नत खेती की पद्धतियां तथा कृषि विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री संभाग के विभिन्न जिलों से आए अलग-अलग क्षेत्रों के इन्फ्लुएंसर्स से भी संवाद करेंगे।
प्रगतिशील किसानों और मेधावी छात्रों का होगा सम्मान
कार्यक्रम में जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों तथा मेधावी छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। बलराम कृषि महोत्सव का उद्देश्य किसानों को कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, कृषि अभियांत्रिकी और अन्य संबद्ध क्षेत्रों की नवीनतम तकनीकों एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। इसी दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी वितरित किया जाएगा।
Agriculture Exhibition: कृषि और पशुपालन से जुड़ी प्रदर्शनी भी होगी आकर्षण का केंद्र
महोत्सव में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, कृषि अभियांत्रिकी समेत कई विभागों की ओर से आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इन प्रदर्शनों के माध्यम से किसानों को नई तकनीकों, आधुनिक उपकरणों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
287.32 करोड़ के नए कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने दौरे के दौरान जिले में 287.32 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे। इन परियोजनाओं में लोक निर्माण विभाग की सड़कें, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत ग्रामीण संपर्क मार्ग, जनजातीय कार्य विभाग के नए हाई स्कूल भवन, जल संसाधन विभाग के बैराज, मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के विद्युत उपकेंद्र, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के नवीनीकरण एवं नए निर्माण कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित कई अन्य विभागों की परियोजनाएं शामिल हैं। इन कार्यों के पूरा होने से जिले में सड़क संपर्क, शिक्षा, सिंचाई, बिजली व्यवस्था और ग्रामीण विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
53.55 करोड़ के पूर्ण विकास कार्यों का भी होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री करीब 53.55 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे। इनमें बिजली विभाग के नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र, शिक्षा विभाग के विद्यालय भवन, महिला एवं बाल विकास विभाग के आंगनवाड़ी भवन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अटल सेवा केंद्र, पुलिया, स्टॉप डैम, निस्तार तालाब, आरएमएस, नालियां, पेवर ब्लॉक तथा ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े कई अन्य विकास कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं के शुरू होने से जिले में मूलभूत सुविधाओं और ग्रामीण विकास को और मजबूती मिलेगी।


