भोपाल के नए Master Plan 2047 का ड्राफ्ट जारी हो गया है। CM मोहन यादव ने इसे विकसित और हरित भोपाल की दिशा में अहम कदम बताया। जानिए बस सेवा, UNESCO और रोजगार से जुड़ी बड़ी बातें।

भोपाल की तस्वीर आने वाले दो दशकों में कितनी बदलेगी? इसका खाका अब सामने आ चुका है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भोपाल मास्टर प्लान 2047 शहर को विकसित के साथ हरित बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा। उन्होंने नागरिकों से ड्राफ्ट पर दावे-आपत्तियां और सुझाव देने की अपील भी की।

21 साल बाद भोपाल को मिला नया मास्टर प्लान

मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 21 साल बाद भोपाल के मास्टर प्लान का ड्राफ्ट जारी हुआ है। उनका कहना है कि इसमें शहर के भविष्य के विकास के साथ पर्यावरण और हरित क्षेत्र को भी ध्यान में रखा गया है। सरकार ने नागरिकों से प्रस्तावित प्लान को लेकर सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराने को कहा है। मध्य प्रदेश में सुगम परिवहन सेवा के तहत सरकारी बसों का संचालन फिर शुरू होने की जानकारी मुख्यमंत्री ने दी। इसके तहत शहरों में ई-बसें, जिलों के भीतर बसें, अंतर-जिला रूट और दूसरे राज्यों तक बस सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना है। उज्जैन में धार्मिक पर्यटन को ध्यान में रखते हुए बस सेवा शुरू की गई है।

यह भी पढ़ें: MP Cabinet Decision: दमोह-कटनी 4 लेन से अग्निवीरों को आरक्षण तक, 24500 करोड़ की योजनाओं पर लगी मुहर

MP की 19 धरोहरें UNESCO की अस्थाई सूची में

मुख्यमंत्री ने बाघ गुफा चित्रकारी, गिन्नौरगढ़ किला, चंबल घाटी के मंदिर समूह और उदयगिरि गुफाओं के UNESCO की Tentative List में शामिल होने पर प्रसन्नता जताई। सरकार के अनुसार भारत की 78 अस्थाई धरोहरों में 19 मध्य प्रदेश से हैं। इससे राज्य की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है।

सेवा संकल्प अभियान में करोड़ों दीयों से लेकर रक्तदान तक

मुख्यमंत्री के मुताबिक सेवा-संकल्प अभियान-2026 के तहत प्रदेश में करीब 3.88 करोड़ दीये जलाए गए। 650 से ज्यादा रक्तदान शिविरों में लगभग 11 हजार यूनिट रक्त एकत्र हुआ। भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं में 40 लाख से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी बताई गई। 7 अक्टूबर को होने वाले सेवा ज्योति कलश कार्यक्रम में भी अधिक से अधिक लोगों से जुड़ने की अपील की गई।

स्कूल शिक्षा विभाग में 900 से अधिक अनुकम्पा नियुक्ति आदेश जारी किए जाने की जानकारी दी गई, जिनमें 600 से अधिक लिपिकीय और 200 से ज्यादा भृत्य पद शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने दूसरे विभागों में भी लंबित मामलों के निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में LNG से चलने वाली ट्रेन, Asian Games के पदक विजेताओं और अभिनेता मुश्ताक खान को श्रद्धांजलि का भी उल्लेख हुआ।

यह भी पढ़ें: कवि प्रदीप से शरद जोशी तक... कालिदास समारोह में पहली बार दिखेगी MP की ये विरासत