बिहार चुनाव में जनसभाओं के दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सेना और लोकतंत्र का अपमान करने वालों को बिहार की जनता करारा जवाब देगी।
भोपाल/गया। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बिहार में आयोजित जनसभाओं के दौरान कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की कांग्रेस और आज की राहुल गांधी की कांग्रेस में जमीन-आसमान का अंतर है। डॉ. यादव ने कहा, “कहां वह कांग्रेस जो रामराज्य की कामना करती थी, और कहां आज की कांग्रेस जिसके नेता न भाषा का ध्यान रखते हैं, न व्यवहार का और न ही अपने भाषणों का।”
राहुल गांधी लोकतंत्र और न्यायालय का अपमान कर रहे हैं: डॉ. यादव
सीएम यादव ने कहा कि राहुल गांधी जब भी बोलते हैं, देश और देशवासियों का अपमान करते हैं। वे विदेश जाकर भी भारत का अपमान करने से नहीं चूकते। उन्होंने कहा, “अब राहुल गांधी लोकतंत्र को कलंकित कर रहे हैं। लोकतंत्र में सबसे अधिक सम्मान न्यायालयों का होता है, लेकिन राहुल को न्यायपालिका पर भी भरोसा नहीं है।”
डॉ. यादव ने आगे कहा कि देश के जवान सीमाओं पर 24 घंटे देश की रक्षा में लगे रहते हैं, लेकिन जब हमारी सेना दुश्मनों को घर में घुसकर मारती है, तो राहुल गांधी उससे सबूत मांगते हैं। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा, “सेना का अपमान करने वाले राहुल को डूब मरना चाहिए। बिहार की जनता उन्हें इसका जवाब जरूर देगी।”
गया और नवादा में जनसभाओं को किया संबोधित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 17 अक्टूबर को बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गया के हरिदास सेमिनरी स्कूल ऑडिटोरियम में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसके साथ ही उन्होंने नवादा जिले की हिसुआ में भी एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में सभा की। गौरतलब है कि 16 अक्टूबर को भी सीएम यादव ने बिहार में दो जनसभाओं को संबोधित किया था।
कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर तीखा प्रहार
भाजपा के स्टार प्रचारक डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार का अपमान करते हैं। वे कहते हैं कि “बिहार छोटा-मोटा राज्य है।” सीएम ने कहा, “आप उन्हें बताना कि बिहार क्या है। इंडिया गठबंधन के साथी भी बिहार का अपमान करते हैं। आम आदमी पार्टी के पंजाब के मुख्यमंत्री कहते हैं कि देश में कोई गड़बड़ी होती है तो उसमें बिहार का हाथ होता है। ममता बनर्जी भी बिहारियों को भला-बुरा कहती हैं।”
उन्होंने कहा कि एनडीए के कार्यकर्ता इन सभी 'एक जैसे चट्टे-बट्टों' को जवाब देंगे। बिहार में एनडीए के पक्ष में मजबूत माहौल है। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री बन सकता है। मेरा कोई राजनीतिक बैकग्राउंड नहीं रहा, यह भाजपा की लोकतांत्रिक सोच का उदाहरण है।
एनडीए गठबंधन से बिहार का चहुंमुखी विकास संभव
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और इसी कारण देश में सच्चे अर्थों में लोकतंत्र सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि 'एक ओर भाजपा की चुनावी विजय यात्रा जारी है, वहीं दूसरी ओर भारत की विकास यात्रा भी चल रही है।'
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन ने बिहार के विकास की दिशा तय की है। उन्होंने कहा- 'नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद बिहार की तस्वीर बदली है। पलायन में कमी आई है और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल रहा है। देशभर में बिहार के युवाओं की योग्यता पर किसी को शक नहीं है।
गया और बिहार से मध्यप्रदेश का ऐतिहासिक रिश्ता
डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश का बिहार और गया से गहरा संबंध है। उन्होंने बताया कि उनकी कुल देवी बराह माता भी यहीं स्थित हैं। उन्होंने कहा, 'लगभग 2200 वर्ष पहले सम्राट अशोक उज्जैन से युवराज बनकर बिहार लौटे और यहां के राजा बने थे। गया की जनता का स्नेह एक बार फिर एनडीए गठबंधन को मिलेगा। सनातन संस्कृति में गया का विशेष महत्व है। हर व्यक्ति जीवन में एक बार गया जी आने की इच्छा रखता है।
सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में बढ़ता भारत
डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण की धारा प्रवाहित हो रही है। उन्होंने बताया कि उज्जैन में भव्य महाकाल लोक बना है, जहां एक वर्ष में करीब 7 करोड़ श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि गया में भी भव्य ‘लोक’ का निर्माण होना चाहिए। अयोध्या में भगवान श्रीराम का दिव्य मंदिर बन चुका है और अब मथुरा में भगवान कृष्ण का भव्य मंदिर भी बनेगा।
यह भी पढ़ें
CM मोहन यादव ने बिहार के यादवों से की एक अपील, क्यों बोले-मैं विक्रमादित्य की नगरी से हूं?
ओरछा को यूनेस्को विश्व धरोहर बनाने की तैयारी, जानिए क्या है CM की योजना?
