बिहार चुनाव में NDA की मजबूत बढ़त को CM मोहन यादव ने उत्साहजनक बताया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की विकास और सुरक्षा नीतियों पर जनता ने भरोसा जताया है। भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और एनडीए सरकार एक बार फिर बिहार विकास के लिए तैयार है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के प्रारंभिक परिणाम बेहद उत्साह बढ़ाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद देश ने विकास-केंद्रित राजनीति का एक नया दौर देखा है। मोदी सरकार में लगातार तीन लोकसभा चुनावों में एनडीए को भारी समर्थन मिला है और दिल्ली में भी भाजपा ने अपनी सरकार बनाई है। इसी क्रम में अब बिहार में भी तीसरी बार एनडीए सरकार वापसी कर रही है।

देशभर में बढ़ रहा एनडीए का प्रभाव

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और अब बिहार के चुनाव परिणाम यह स्पष्ट करते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा और एनडीए की मजबूत लहर चल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों की अव्यवस्थाओं को देखकर जनता अब अपना स्पष्ट निर्णय दे चुकी है और विकास की राह पर एनडीए का साथ देना चाहती है।

प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों ने बढ़ाया जनता का भरोसा

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के विकास और सुरक्षा को ध्यान में रखकर जो नीतियाँ लागू की हैं, वे लोगों का मनोबल बढ़ाने वाली हैं। बिहार में जीत की ओर बढ़ते हुए एनडीए गठबंधन के सभी साथियों, प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, चिराग पासवान, जीतनराम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा को उन्होंने बधाई दी। साथ ही सभी विजयी उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को भी शुभकामनाएं दीं।

बिहार में ऐतिहासिक जीत, भाजपा बनी नंबर वन पार्टी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बिहार चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए सबसे अधिक सीटें जीती हैं और नंबर वन पार्टी बनकर उभरी है। दूसरा स्थान सहयोगी दल जनता दल (यूनाइटेड) को मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस चुनाव में राजद को नुकसान पहुंचाया है। कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने चुनाव मैदान समय से पहले छोड़ दिया, जिसका सीधा प्रभाव उनके गठबंधन पर पड़ा। अब उनके लिए यह सोचने का समय है कि लोकतंत्र में जनता का फैसला ही सर्वोपरि होता है, और इस जनादेश को सभी को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार अब बिहार के विकास के लिए फिर से तैयार है।