MP Laptop Yojana 2026: भोपाल में CM मोहन यादव ने 'प्रतिभाशाली विद्यार्थी योजना' के तहत 12वीं में 75% से अधिक अंक वाले 1.21 लाख छात्रों को लैपटॉप हेतु ₹304 करोड़ ट्रांसफर किए। प्रत्येक छात्र को ₹25,000 मिले। CM ने छात्रों को बड़े लक्ष्य रखने के लिए प्रेरित किया।

भोपाल। 1 सितंबर को भोपाल में आयोजित ‘प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मेधावी छात्रों को लैपटॉप के लिए राशि ट्रांसफर की। कार्यक्रम में 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले 1.21 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों के खातों में कुल 304 करोड़ रुपये से अधिक भेजे गए। प्रत्येक विद्यार्थी को लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रुपये मिले।

कोई डॉक्टर कोई IAS…एक छात्र बोला वो नेता बनेगा

  • कार्यक्रम के दौरान सीएम यादव ने विद्यार्थियों से संवाद भी किया और उनके भविष्य के सपनों के बारे में जाना। कुछ छात्रों ने 12वीं के साथ NEET और JEE Main जैसी परीक्षाएं भी पास की हैं। एक छात्र ने राजनेता बनने की इच्छा जताई, जबकि अन्य विद्यार्थियों ने डॉक्टर, IAS, उद्यमी और ISRO वैज्ञानिक बनने का लक्ष्य बताया।
  • मुख्यमंत्री ने छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सफलता को खुद पर हावी नहीं होने देना चाहिए और असफलता को दिल पर नहीं लेना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान और कौशल को सफलता का आधार बताते हुए बड़े लक्ष्य तय करने और मेहनत करने की सलाह दी।
  • सीएम ने बताया कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुविधाएं बढ़ा रही है। प्रदेश में अब 33 मेडिकल कॉलेज हैं और वर्ष 2028 तक 55 मेडिकल कॉलेज तथा 10 हजार UG सीटों का लक्ष्य रखा गया है।
  • स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि पिछले ढाई साल में करीब 2.75 लाख विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए राशि दी गई है। उन्होंने दावा किया कि सरकारी स्कूलों में पिछले तीन वर्षों में प्रवेश दर बढ़ी है और ड्रॉपआउट दर शून्य हुई है।

MP में 5 मेडिकल से हुए 33 मेडिकल कॉलेज

सीएम मोहन यादव ने कार्यक्रम में कहा- प्रदेश में आजादी के बाद 55 साल में केवल 5 मेडिकल कॉलेज थे। अब हमारी सरकार में निजी और शासकीय मिलाकर कुल 33 मेडिकल कॉलेज हो चुके हैं। राज्य में अभी साढ़े 6 हजार से अधिक एमबीबीएस की सीटें हैं। दो साल में हमने 5 नए मेडिकल कॉलेज खोले। इनमें यूजी के लिए 2400 सीटें बढ़ गईं। राज्य सरकार ने वर्ष 2028 तक कुल 55 मेडिकल कॉलेज और 10 हजार यूजी सीटों का लक्ष्य तय किया है।