विजयादशमी 2025 पर भोपाल स्थित समत्व भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मां काली की पूजा व शस्त्र पूजन किया। पारंपरिक विधि-विधान से सम्पन्न इस पूजन में उन्होंने प्रदेशवासियों को धर्म की विजय का संदेश देते हुए दशहरे की शुभकामनाएं दीं।

विजयादशमी के पर्व पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। परंपरागत धोती-कुर्ता धारण कर सीएम यादव ने मां काली की आराधना की और यज्ञ में आहुति देकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने शस्त्र पूजन कर विजय और साहस के प्रतीक का सम्मान किया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मुख्यमंत्री ने सुरक्षा अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ शस्त्र पूजन में सहभागिता की और मुख्य सुरक्षा अधिकारी श्री समीर यादव का तिलक कर उन्हें मंगलकामनाएं दीं। पूजा-अर्चना के बाद सीएम यादव ने प्रसाद वितरण किया और सभी को दशहरे की शुभकामनाएं दीं।

अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश

पूजन के उपरांत सीएम डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि विजयादशमी असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक पर्व है। उन्होंने प्रभु श्रीराम और महिषासुर मर्दिनी मां जगदम्बा का स्मरण करते हुए कहा कि ईश्वर की कृपा सभी पर बनी रहे और समाज में सदैव मंगल ही मंगल हो।

यह भी पढ़ें: सीएम मोहन यादव करेंगे राज्य स्तरीय वन्यजीव सप्ताह का शुभारंभ, जानें 7 अक्टूबर तक होंगे कौन से कार्यक्रम

समत्व भवन में भव्य सजावट

समत्व भवन को शस्त्र पूजा के लिए विशेष रूप से सजाया गया था। मंच पर श्रीराम की धनुर्धर मुद्रा और रावण का चित्र स्थापित किया गया। वहीं “या देवी सर्वभूतेषु मातृरूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः” मंत्र से शक्ति की आराधना का भाव व्यक्त किया गया।

शिलालेख पर अंकित पंक्ति “शस्त्रेण रक्षिते राष्ट्रे, शास्त्र चिंता प्रवर्तते” ने शस्त्र पूजन के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग द्वारा उपयोग किए जाने वाले अत्याधुनिक शस्त्र भी पूजन हेतु रखे गए थे।

यह भी पढ़ें: विजयदशमी पर सीएम योगी ने किया गोपूजन, भीम सरोवर में मछलियों को खिलाई लाई