MP News: क्या मुख्यमंत्री मोहन यादव ने देश में नई परंपरा की शुरुआत कर दी? उनकी नई महिंद्रा XEV 9e में क्या हैं खास फीचर्स? कार के नंबर का विकसित भारत से क्या संबंध है? क्या यह कदम पर्यावरण संरक्षण और मितव्ययता की नई मिसाल बनेगा?
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मितव्ययता और पर्यावरण संरक्षण की सोच को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं। इसी दिशा में उन्होंने 3 जून को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। मुख्यमंत्री अब देश के ऐसे पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं, जिनके आधिकारिक काफिले में इलेक्ट्रिक वाहन को शामिल किया गया है।

मुख्यमंत्री के काफिले में अब महिंद्रा की XEV 9e इलेक्ट्रिक कार शामिल हो गई है। कंपनी के अनुसार यह अत्याधुनिक ईवी एक बार फुल चार्ज होने पर लगभग 500 किलोमीटर तक की दूरी तय करने में सक्षम है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस नई इलेक्ट्रिक कार से मुख्यमंत्री निवास से स्टेट हैंगर, भोपाल तक यात्रा भी की।
Mahindra XEV 9e Features: खास नंबर और आधुनिक तकनीक से लैस है कार
मुख्यमंत्री की नई इलेक्ट्रिक कार को MP-02-VB-2047 नंबर आवंटित किया गया है। इस नंबर में मौजूद "VB" को विकसित भारत का प्रतीक माना जा रहा है, जबकि "2047" प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य की ओर संकेत करता है।
यह इलेक्ट्रिक कार आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित है। इसमें 360 डिग्री कैमरा सहित कई एडवांस फीचर्स दिए गए हैं। मुख्यमंत्री इस वाहन के उपयोग के माध्यम से आम लोगों के बीच पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश भी देंगे। कार के संचालन के लिए ड्राइवरों को विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया है।
Environment Protection: पर्यावरण और सौर ऊर्जा को लेकर लगातार सक्रिय हैं मुख्यमंत्री मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रयास कर रहे हैं। हाल के दिनों में उन्होंने कई स्थानों पर गिद्धों और मगरमच्छों को प्राकृतिक आवास में छोड़े जाने जैसी पहल को भी समर्थन दिया है। उनका मानना है कि पर्यावरण संरक्षण के बिना विकास की कल्पना अधूरी है। मुख्यमंत्री का विश्वास है कि सौर ऊर्जा जैसे स्वच्छ ऊर्जा स्रोत भविष्य में देश और दुनिया को टिकाऊ विकास की नई दिशा प्रदान कर सकते हैं।
CM मोहन यादव ने कई मौकों पर दिखाई सादगी और मितव्ययता
मुख्यमंत्री मोहन यादव अपने सरकारी दौरों के दौरान भी सादगी और खर्चों में कटौती का संदेश देते रहे हैं। हाल ही में इंदौर प्रवास के दौरान उन्होंने एचआर ग्रीन से राजवाड़ा तक स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ टेम्पो ट्रैवलर बस में सफर किया था। इसके अलावा सिंगरौली दौरे के दौरान भी वे टूरिस्ट बस से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे थे। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री के काफिले में शामिल वाहनों की संख्या भी पहले की तुलना में कम की जा चुकी है। इससे प्रशासनिक खर्चों में कमी और मितव्ययता को बढ़ावा देने का संदेश दिया जा रहा है।


