CM मोहन यादव ने 2029 तक MP को नशामुक्त करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने 'मन की बात' कार्यक्रम सुना। साथ ही बताया कि दिव्यांगता की श्रेणियां 7 से बढ़ाकर 21 कर दी गई हैं। राज्य सरकार हर वर्ग को सशक्त बना रही है।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ष 2029 तक मध्य प्रदेश को नशामुक्त बनाने का संकल्प दोहराया है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि परिवार, रिश्तेदारों और आसपास नशे की लत से जूझ रहे लोगों को इससे बाहर निकालने के लिए आगे आएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा किसी व्यक्ति का जीवन बर्बाद कर सकता है। इससे बचाव के लिए समाज के सभी लोगों को मिलकर प्रयास करना होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' की 140वीं कड़ी भोपाल में सामाजिक न्याय संचालनालय के सभागार में दिव्यांगजनों और महिलाओं के साथ सुनी। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम देश में जनभागीदारी, सकारात्मक सोच और सामूहिक चेतना को मजबूत करने का माध्यम है।

नशे के खिलाफ प्रधानमंत्री के संदेश को आगे बढ़ाएंगे

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात में नशे की लत से जूझ रहे लोगों की परेशानियों, संघर्ष और नशा छोड़ने के अनुभवों को साझा किया। इससे यह समझने का अवसर मिलता है कि नशा किस तरह व्यक्ति और उसके परिवार को प्रभावित करता है।

डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ प्रधानमंत्री के आह्वान के साथ मिलकर काम कर रही है। सभी प्रकार के मादक पदार्थों और ड्रग्स से लोगों को बचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से 2029 तक देश और मध्य प्रदेश को नशामुक्त बनाने के संकल्प में सहभागी बनने की अपील की।

दिव्यांगजनों के लिए 21 श्रेणियों में सुविधाएं

  • मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लाड़ली बहना, लाड़ली लक्ष्मी, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना और स्व-सहायता समूहों के माध्यम से विभिन्न वर्गों को सशक्त बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती। शारीरिक सीमाएं प्रतिभा और क्षमता को सीमित नहीं कर सकतीं।
  • उन्होंने ऋषि अष्टावक्र, सूरदास, जगद्गुरु रामभद्राचार्य, स्टीफन हॉकिंग और रवींद्र जैन का उदाहरण देते हुए दिव्यांगजनों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
  • मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में दिव्यांगता की श्रेणियां 7 से बढ़ाकर 21 की गई हैं। इन श्रेणियों के अंतर्गत पेंशन, शिक्षा, विवाह सहायता, खेलकूद और सिविल सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग दिया जा रहा है।
  • कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह और भोपाल महापौर मालती राय भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल और स्वेटर तथा महिलाओं को स्वेटर वितरित किए।