मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को स्टेट सिचुएशन रूम से बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने यह भी देखा कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किस तरह हो रहा है। सीएम ने अधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया। 

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को मंत्रालय स्थित स्टेट सिचुएशन रूम से मध्य प्रदेश में हो रही बारिश के चलते पैदा हुईं परिस्थितियों की जानकारी ली। उन्होंने अनंत चतुर्दशी पर्व और गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सीएम मोहन यादव ने कलेक्टर्स एवं पुलिस अधीक्षकों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। उनसे वर्षा की जानकारी ली और आपदा प्रबंधन के इंतजाम के बारे में पूछा। सीएम ने गणेश मूर्तियों के समुचित तरीके से विसर्जन की व्यवस्थाओं को लाइव देखा। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अलर्ट मोड में रहें और सतर्कता बरतें। कोई भी अप्रिय स्थिति पैदा न होने पाये। मुख्यमंत्री ने उज्जैन, इंदौर, जबलपुर, रतलाम, ग्वालियर और भोपाल के कलेक्टर से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की सभी व्यवस्थाएं अपडेट रहें। पूरा अमला सजग रहकर देर रात तक यह काम पूरा कर लें। बारिश की स्थिति में अतिरिक्त सावधानी रखें। जरूरी हो तो लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचायें।

मुख्यमंत्री ने कलेक्टर्स को बाढ़ आपदा राहत का बेहतर प्रबंधन करने के निर्देश दिए। कहा कि बारिश के कारण किसी को भी परेशान न होना पड़े। इसके लिए समुचित तैयारी रखें। आपदा मोचन दल क्विक रिस्पांस कर प्रभावितों को रेस्क्यू करें। बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए सभी पूरी संवेदनशीलता और मानवता के साथ काम करें।

यह भी पढ़ें- CM मोहन यादव ने 11 जिलों के 17,500 किसानों को 20.60 करोड़ की बाढ़ राहत राशि दी, बोले- हर हाल में साथ है सरकार

बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव गृह शिव शेखर शुक्ला, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, एडीजी सिविल डिफेंस प्रज्ञा श्रीवास्तव, एडीजी इंटेलिजेंस ए. साईं मनोहर, सचिव एवं आयुक्त जनसम्पर्क डॉ. सुदाम खाड़े, अपर सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय आलोक सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।