मध्य प्रदेश के छतरपुर में एक धार्मिक टिप्पणी के बाद थाने पर पथराव हुआ, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। मुख्य आरोपी हाजी शहजाद अली के घर और गाड़ियों पर बुलडोजर चलाया गया। घटना के बाद से शहजाद फरार है।

छतरपुर. मध्य प्रदेश के छतरपुर कोतवाली थाने में हुए पथराव के बाद आज आरोपियों के बड़ा एक्शन लिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देश के बाद इस घटना के मुख्य आरोपी हाजी शहजाद अली के आलीशान महल को बुलडोजर से तोड़ दिया गया। इतना ही नहीं अंदर खड़ी लग्जरी कारों को भी चकनाचूर कर दिया है। वहीं पथराव करने वाले 200 से ज्यादा लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। बता दें कि हिंसा का यह मामला एक धार्मिक टिप्पणी को लेकर हुआ है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

रामगिरी महाराज के बयान के बाद हुई हिंसा

दरअसल, महाराष्ट्र में रामगिरी महाराज ने पैगंबर मोहम्मद और इस्लाम को निशाना बनाते हुए एक विवादित बयान दिया था। महाराज की इस धार्मिक टिप्पणी के बाद मुस्लिम समुदाय में नाराजगी जताई और हिंसा करने लगे। बुधवार को छतरपुर में मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने थाने पर पथराव किया, जिसमें तीन पुलिसवाले भी घायल हुए थे। पत्थरबाजी में थाना प्रभारी अरविद कुंजुर तक घायल हो गए थे। उन्हें जिला अस्पताल में ICU भर्ती कराया। वहीं कई सरकारी गाड़ियों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। बता दें कि इस पूरी घटना के पीछे मुख्य आरोपी हाजी शहजाद अली का हाथ है।

शहजाद कांग्रेस पार्टी का नेता

छतरपुर हिंसा का मुख्य मास्टरमाइंड हाजी शहजाद अली को बताया जा रहा है। जिसके घर और गाड़ियों पर आज बुलडोजर चला दिया गया। बता दें कि शहजाद कांग्रेस पार्टी का नेता है, वह पूर्व जिला उपाध्यक्ष रह चुका है। फिलहाल शहजाद परिवार समेत फरार हो गया है। शहजाद ही उस दिन हुई हिंसा में भीड़ को एकजुट करते हुए नेत्रत्व कर रहा था।

सीएम यादव ने दिए सख्त निर्देश, यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

इस पूरे मामले पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संज्ञान लिया और सोशल मीडिया पर लिखा-आज छतरपुर जिले में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना मिलने पर तुरंत उच्च अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और जवानों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। मध्यप्रदेश 'शांति का प्रदेश' है, कोई भी सुनियोजित तरीके से कानून को हाथ में ले यह बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मैनें पुलिस के उच्च अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दोषियों की जल्द पहचान कर कठोर कार्यवाही की जाए जिससे भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। प्रदेश में शांति और सौहार्द बना रहे यही हमारी प्राथमिकता है।

Video: कांग्रेस नेता के आलीशान घर पर बुलडोजर, ताश के पत्तों जैसे ढह गई इमारत