देवास में एक किराये के कमरे में फ्रिज के अंदर महिला की लाश मिली, जो छह महीने से सड़ रही थी। आरोपी लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

इंदौर। मध्य प्रदेश के देवास में छह महीने से अधिक समय से एक महिला की लाश किराये के कमरे में रखे फ्रिज में सड़ रही थी। ठीक बगल में रह रहे परिवार को इसका पता नहीं चला। शुक्रवार को इस खौफनाक हत्याकांड का राज खुला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान संजय पाटीदार के रूप में हुई है। मृतक महिला की पहचान पिंकी ऊर्फ प्रतीभा प्रजापति के रूप में हुई है। वह संजय की लिव इन पार्टनर थी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

देवास के वृंदावन धाम में दो मंजिला मकान के मालिक व्यवसायी धीरेंद्र श्रीवास्तव हैं। वह पिछले छह महीनों से दुबई में हैं। घर के ग्राउंड फ्लोर पर दाईं ओर एक कमरा, रसोई और शौचालय है। वहीं, बाईं ओर दो बेडरूम और एक हॉल है। दोनों तरफ एक सीढ़ी है जो ऊपरी मंजिल तक जाती है। ऊपर के मंजिल को श्रीवास्तव ने अपने पास रखा है।

एएसपी जयवीर भदौरिया ने बताया कि जुलाई 2024 में उज्जैन के इंगोरिया में रहने वाले बलवीर राजपूत ने ग्राउंड फ्लोर किराए पर लिया था। इसके दो कमरों में पिछले किराएदार पाटीदार ने ताला लगा रखा था। इसके चलते भदौरिया उनका इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे।

संजय पाटीदार ने जून 2024 में खाली किया था घर

पाटीदार ने जून 2024 में घर खाली किया था, लेकिन अपना कुछ सामान छोड़ गया था। इसमें एक फ्रिज भी था। वह मकान मालिक से कहता था कि अपना सामान ले जाएगा। वह फ्रिज में सड़ रही लाश देखने के लिए हर 15 दिन में आता था।

काफी समय तक दो रूम बंद रहे तो बलवीर ने मकान मालिक से कहा कि उसे दोनों कमरे इस्तेमाल करने दे। मकान मालिक श्रीवास्तव राजी हुए तो गुरुवार को बलवीर ने ताला तोड़ दिया और कमरे में गया। उसने देखा कि फ्रिज चल रहा है। यह जानकर कि उसका बिजली बिल क्यों ज्यादा आ रहा है उसे पिछले किराएदार पर गुस्सा आया। उसने फ्रिज की बिजली बंद कर दी और सोचा कि कल रूम साफ करूंगा।

बिजली बंद होते ही खुल गया फ्रिज में सड़ रही लाश का राज

बिजली बंद होते ही फ्रिज में रखी सड़ रही लाश से निकली बदबू पूरे इलाके में फैल गई। पड़ोसियों ने शिकायत की। इसके बाद पुलिस को खबर दी गई। पुलिस अधिकारी आए और फ्रिज खोला, देखा कि अंदर एक महिला की लाश है। शव को बेडशीट से लपेटा गया था। इसके बाद पुलिस ने पड़ोसियों से पूछताछ की। पता चला कि इस रूम में पहले संजय पाटीदार रहता था। पड़ोसियों ने यह भी बताया कि उसके साथ एक महिला भी रहती थी। वह मार्च 2024 के बाद से नहीं दिखी। पाटीदार ने लोगों को बताया था कि महिला अपने माता-पिता के घर गई है।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संजय पाटीदार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि मृतक महिला उसकी लिव इन पार्टनर प्रतीभा थी। दोनों पांच साल साथ रहे थे। तीन साल तक उज्जैन में रहे। पाटीदार शादीशुदा है। उसके दो बच्चे हैं। प्रतीभा उसपर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा होता था।

पाटीदार ने अपने दोस्त विनोद दवे की मदद से महिला की हत्या गला घोंटकर की। इसके बाद शव को फ्रिज में ठूंस दिया। उसने फ्रिज को ठंडे तापमान पर सेट कर दिया। इसके बाद कमरा बंद कर भाग गया। विनोद राजस्थान के टोंक जिले में एक अलग अपराध के लिए जेल में बंद है।

यह भी पढ़ें- बंद कमरे में महिला मित्र के साथ था सिपाही, अचानक आई आवाज, फिर...उड़ गए होश!