सीएम मोहन यादव ने 1 दिसंबर को गीता जयंती और अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। जिलों को जन सहभागिता बढ़ाने, गीता पाठ और प्रतियोगिताओं को सफल बनाने के निर्देश दिए। ऑनलाइन प्रतियोगिता में 28 नवंबर तक प्रविष्टियां आमंत्रित हैं।
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1 दिसंबर को होने वाली गीता जयंती और अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव को लेकर राज्यभर में हो रही तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अभ्युदय मध्य प्रदेश समिट पर भी हुई चर्चा
मुख्यमंत्री ने ‘अभ्युदय मध्य प्रदेश (गवर्नेंस एंड ग्रोथ समिट) और निवेश से रोजगार (अटल संकल्प उज्ज्वल मध्य प्रदेश)’ कार्यक्रम पर भी समीक्षा की। यह आयोजन 25 दिसंबर को ग्वालियर में होना है, जिसके संबंध में उन्होंने अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से CM मोहन यादव का कलेक्टर्स से संवाद
डॉ. यादव ने समत्व भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सभी जिलों के कलेक्टर्स और पुलिस अधिकारियों से गीता महोत्सव की तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
जन सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 दिसंबर को गीता जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनता की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए श्रीमद्भगवद्गीता के विभिन्न अध्यायों की संस्कृत और हिंदी प्रतियां स्कूलों, कॉलेजों और आम नागरिकों तक पहुंचाई जाएं। साथ ही गीता पर आधारित क्विज और अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएं, ताकि समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिल सके।
ऑनलाइन गीता ज्ञान प्रतियोगिता: 28 नवंबर तक प्रविष्टियां
श्रीमद्भगवत गीता ऑनलाइन ज्ञान प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 28 नवंबर तक www.geetamahotsav.com पर पंजीकरण किया जा सकता है। प्रतियोगिता में तीन श्रेणियां हैं और सभी के लिए अलग-अलग पुरस्कार रखे गए हैं। ये पुरस्कार 26 जनवरी 2026 को प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिला स्तर पर अधिक से अधिक नागरिकों को इन प्रतियोगिताओं और गीता पाठ में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाए।
राज्यभर में गीता पाठ में बढ़ेगी सहभागिता
मुख्यमंत्री ने गीता पाठ कार्यक्रम की तैयारियों का भी मूल्यांकन किया। 1 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती पर प्रदेश के सभी विकासखंडों, जिला और संभागीय मुख्यालयों पर श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का पाठ आयोजित होगा। इसका उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण के मानव कल्याण संदेश को लोगों तक पहुंचाना है। वीर भारत न्यास द्वारा गीता पाठ के साथ विभिन्न गीता प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं, जिनमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।


