CM मोहन यादव 6-9 सितंबर तक दुबई में निवेशकों और उद्योग समूहों से मिलेंगे। AIM Congress में MP की औद्योगिक, पर्यटन और निवेश क्षमता पेश करेंगे।
भोपाल। मध्यप्रदेश में निवेश लाने की कोशिशों को नई रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 6 से 9 सितंबर तक संयुक्त अरब अमीरात के दौरे पर रहेंगे। इन्वेस्ट मध्यप्रदेश–दुबई 2026 के तहत मुख्यमंत्री दुबई में प्रमुख निवेशकों, उद्योग समूहों और वैश्विक कारोबारी जगत के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं, कारोबारी साझेदारी और नए प्रोजेक्ट्स को लेकर सीधे बातचीत होगी।
दुबई दौरे में मुख्यमंत्री की भागीदारी एआईएम कांग्रेस-2026 में भी रहेगी। यह मंच मध्यप्रदेश के लिए अपनी औद्योगिक ताकत, पर्यटन क्षमता और निवेश के अवसरों को अंतरराष्ट्रीय उद्योग समुदाय के सामने रखने का बड़ा मौका होगा। अलग-अलग देशों और यूएई के नीति-निर्माताओं तथा कारोबारी प्रतिनिधियों के साथ होने वाली बैठकों में प्रदेश में निवेश और सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
इन्वेस्ट मध्यप्रदेश–दुबई 2026 में क्या रहेगा खास
मुख्यमंत्री के तीन दिवसीय निवेश-केंद्रित कार्यक्रम में वन-टू-वन निवेशक बैठकें, उच्चस्तरीय शासन-स्तरीय मुलाकातें और कारोबारी संवाद शामिल हैं। इसके अलावा एआईएम कांग्रेस में मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन, इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश–इंडिया निवेश सत्र, शारजाह के उद्योग प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल बैठक और दुबई के प्रमुख उद्योग समूहों के साथ बातचीत भी होगी।
सरकार का फोकस मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों, कुशल मानव संसाधन और निवेश-अनुकूल नीतियों को वैश्विक निवेशकों के सामने रखने पर है। दौरे के जरिए कोशिश रहेगी कि निवेशकों के साथ होने वाली बातचीत आगे चलकर ठोस निवेश प्रस्ताव और व्यावसायिक साझेदारी में बदले।
6 सितंबर: प्रवासी भारतीयों से संवाद, ओडीओपी उत्पादों का प्रदर्शन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दुबई पहुंचने पर प्रवासी भारतीय समुदाय की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद मध्यप्रदेश के एक जिला-एक उत्पाद यानी ओडीओपी स्टॉल का उद्घाटन होगा। इस स्टॉल में प्रदेश के स्थानीय और पारंपरिक उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। इनमें बेल मेटल, चंदेरी, माहेश्वरी, बाटिक, जरी-जरदोजी और ग्वालियर कारपेट जैसे उत्पाद शामिल हैं। इसका उद्देश्य मध्यप्रदेश के स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार और खरीदारों से जोड़ना भी है।
दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री संयुक्त अरब अमीरात में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल और दुबई के महावाणिज्य दूत डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी से मुलाकात करेंगे। बैठक में भारत-यूएई के आर्थिक और निवेश संबंधों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यम्माही के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस दौरान वे अरब संसद के अध्यक्ष और सदस्यों को इन्वेस्ट मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए आमंत्रित करेंगे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री मीडिया से बातचीत करेंगे और एआईएम कांग्रेस-2026 के आमंत्रण-आधारित ‘टाइकून्स’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में करीब 500 संप्रभु संपदा कोष, फैमिली ऑफिस और प्रमुख कॉरपोरेट संस्थानों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। यहीं निवेश के प्रमुख मुद्दों पर संवाद के साथ मुख्यमंत्री एआईएम कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी से भी मुलाकात करेंगे।
7 सितंबर को AIM Congress में मध्यप्रदेश की निवेश क्षमता का प्रदर्शन
दौरे का दूसरा दिन एआईएम कांग्रेस-2026 के नाम रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्यप्रदेश पवेलियन का उद्घाटन करेंगे। इस पवेलियन में प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश के अवसर और प्रमुख सेक्टरों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने पेश किया जाएगा। मुख्यमंत्री संघीय सर्वोच्च परिषद के सदस्य और रास अल खैमाह के शासक महामहिम शेख सऊद बिन सक्र अल कासिमी से शिष्टाचार भेंट भी करेंगे। इस दौरान उन्हें इन्वेस्ट मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए आमंत्रित किया जाएगा। एआईएम कांग्रेस के उद्घाटन समारोह में राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों की मौजूदगी में होने वाले लीडर्स सेशन को भी मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे। इसके बाद तातारस्तान गणराज्य के गवर्नर के साथ बैठक प्रस्तावित है।
Invest in Madhya Pradesh India निवेश सत्र में रखेंगे प्रदेश का रोडमैप
दूसरे दिन होने वाला ‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश–इंडिया’ निवेश सत्र भी अहम रहेगा। इसमें मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश की निवेश संभावनाओं के साथ राज्य की नीतिगत तैयारियों और कारोबार के लिए उपलब्ध अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने रखेंगे। इस सत्र को विदेश व्यापार राज्य मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री यूएई के अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री और विदेश व्यापार राज्य मंत्री एवं एआईएम कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयूदी के साथ अलग-अलग उच्चस्तरीय बैठकें भी करेंगे। लूलू ग्रुप इंटरनेशनल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक यूसुफ़ अली एम.ए. के साथ प्रस्तावित बैठक को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दिन के अंत में दुबई के कारोबारी और निवेश समुदाय के साथ मुख्यमंत्री का संवाद होगा।
8 सितंबर को UAE के बड़े निवेशकों से CM मोहन यादव की वन-टू-वन बैठकें
दौरे के तीसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यूएई के कई प्रमुख निवेशकों और कारोबारी समूहों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें करेंगे। इनमें राणा होल्डिंग्स, जेम्स एजुकेशन, क्रेसेंट ग्रुप, प्योर हेल्थ, शराफ ग्रुप, चोइथराम्स, डीपी वर्ल्ड, ब्यूमर्क कॉरपोरेशन, वेस्ट ज़ोन, केजीके ग्रुप, विस्टास मीडिया कैपिटल और वीएफएस ग्लोबल जैसे समूह शामिल हैं। इन बैठकों में मध्यप्रदेश में निवेश के संभावित क्षेत्रों, कारोबारी सहयोग और प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों पर सीधी चर्चा होगी।
Sharjah Chamber के साथ निवेश अवसरों पर चर्चा
मुख्यमंत्री शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष महामहिम अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस से भी मुलाकात करेंगे। इसके बाद शारजाह चैंबर और आईबीपीसी शारजाह के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल बैठक होगी। इस बैठक में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही उद्योग प्रतिनिधियों को इन्वेस्ट मध्यप्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 में शामिल होने का न्योता दिया जाएगा। मुख्यमंत्री बीआह समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के साथ भी बैठक करेंगे। इसमें मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर प्रस्तुति दी जाएगी और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए आमंत्रण दिया जाएगा।
Emaar के साथ बैठक, रियल एस्टेट और शहरी विकास पर नजर
दुबई के प्रमुख कारोबारी समूह इमार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के साथ होने वाली बैठक भी दौरे के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल है। इस बैठक में रियल एस्टेट, शहरी विकास और इससे जुड़े क्षेत्रों में संभावित निवेश तथा सहयोग के मुद्दों पर बातचीत होगी। तीसरे दिन शाम को ‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश : निवेश अवसरों पर संवाद’ सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें यूएई के व्यवसाय एवं परोपकार के लिए विशेष दूत महामहिम बद्र जाफ़र विशिष्ट अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। इस सत्र में मध्यप्रदेश के औद्योगिक और पर्यटन क्षेत्रों की संभावनाओं को निवेशकों के सामने रखा जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उद्योग प्रतिनिधियों और निवेशकों से सीधे संवाद करते हुए प्रदेश में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देंगे।
9 सितंबर को दुबई से नई दिल्ली लौटेंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव
तीन दिवसीय निवेश-केंद्रित कार्यक्रम पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 9 सितंबर को दुबई से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। इन्वेस्ट मध्यप्रदेश–दुबई 2026 के जरिए मध्यप्रदेश सरकार की कोशिश सिर्फ निवेशकों से मुलाकात तक सीमित नहीं है। लक्ष्य यह है कि दुबई और यूएई के कारोबारी समुदाय के साथ बने संपर्क को आगे ठोस निवेश प्रस्तावों, व्यावसायिक साझेदारियों और लंबे समय के सहयोग में बदला जाए। मुख्यमंत्री का यह दौरा मध्यप्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


