भारत टेक्स-2026 में CM मोहन यादव ने मध्यप्रदेश की निवेश नीतियां, पीएम मित्र पार्क, सबसे सस्ती बिजली और 5500 करोड़ की सब्सिडी का जिक्र कर निवेशकों को उद्योग लगाने का न्योता दिया।

भोपाल/नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स-2026 कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने देश-विदेश के प्रमुख टेक्सटाइल निवेशकों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और वैश्विक ब्रांड्स के साथ राउंड टेबल बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश की निवेश-अनुकूल नीतियों, टेक्सटाइल सेक्टर की संभावनाओं और उद्योगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए निवेशकों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

भारत टेक्स-2026 में बोले CM मोहन यादव, टेक्सटाइल सेक्टर में बढ़ रहे अवसर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के हर क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि वे कुंभ नगरी से आते हैं, जहां 12 वर्षों में एक बार कुंभ का आयोजन होता है और उस दौरान पूरे वातावरण में धार्मिक ऊर्जा दिखाई देती है। उसी तरह भारत टेक्स-2026 में भी वस्त्र उद्योग का एक सकारात्मक और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी मध्यप्रदेश ने इस आयोजन में भाग लिया था, लेकिन इस बार इसका दायरा और प्रभाव पहले से अधिक बड़ा है। केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से राज्य टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योग में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर रहा है, जिससे उत्पादन और रोजगार दोनों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रहा है।

पीएम मित्र पार्क से 3 लाख रोजगार, 6 लाख कपास किसानों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धार जिले में देश के पहले पीएम मित्र पार्क की आधारशिला रखी है। इस परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 3 लाख लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। वहीं मालवा-निमाड़ क्षेत्र के 6 लाख से अधिक कपास उत्पादक किसानों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पीएम मित्र पार्क के माध्यम से खेत से लेकर फैक्ट्री, गारमेंट उद्योग और वैश्विक बाजार तक पूरी सप्लाई चेन मजबूत होगी। इससे प्रदेश का टेक्सटाइल उद्योग नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

उद्योगपतियों का अनुभव प्रदेश के विकास की सबसे बड़ी ताकत: CM मोहन यादव

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार की ओर से निवेश संबंधी सभी नीतियों की जानकारी अधिकारियों द्वारा निवेशकों को दी जा चुकी है, लेकिन उद्योगपतियों का अनुभव किसी भी नीति से कहीं अधिक महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि उद्यमियों का अनुभव और सुझाव सरकार को बेहतर फैसले लेने और तेज गति से आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मध्यप्रदेश केंद्र सरकार और वैश्विक ब्रांड्स के साथ मिलकर उद्योग विकास के नए अवसर तैयार करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

महेश्वरी से चंदेरी तक, टेक्सटाइल विरासत पर CM ने जताया गर्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश का वस्त्र उद्योग सदियों पुरानी विरासत से जुड़ा हुआ है। उन्होंने राजा विक्रमादित्य के काल और महारानी अहिल्याबाई होल्कर का उल्लेख करते हुए कहा कि महेश्वरी साड़ी को उन्होंने एक विशिष्ट पहचान दिलाई और बुनकरों की आजीविका मजबूत करने का कार्य किया।

उन्होंने कहा कि महेश्वरी और चंदेरी साड़ी आज भी देशभर में अपनी अलग पहचान रखती हैं। भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी खूबसूरती है। उत्तर भारत में बनारसी साड़ी लोकप्रिय है तो दक्षिण भारत में कांजीवरम का विशेष महत्व है। इसी तरह बिहार की भागलपुरी वस्त्र कला भी पूरे देश में पसंद की जाती है। भारत की यही विविधता उसकी आर्थिक और सांस्कृतिक ताकत है।

सरकार ने निवेशकों से किए सभी वादे निभाए, 5500 करोड़ की सब्सिडी दी

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने उद्योगपतियों और निवेशकों से किए गए सभी वादे समय पर पूरे किए हैं। विभिन्न सेक्टर्स के निवेशकों को उनकी पात्रता के अनुसार सब्सिडी की राशि डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि मई 2026 तक की सभी लंबित देनदारियां समाप्त कर दी गई हैं। पिछले डेढ़ वर्ष में राज्य सरकार ने उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगभग 5500 करोड़ रुपये की सब्सिडी प्रदान की है।

सबसे सस्ती बिजली और ग्रीन एनर्जी से उद्योगों को मिलेगा बड़ा फायदा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वर्तमान समय में मध्यप्रदेश देश के उन राज्यों में शामिल है जहां उद्योगों के लिए सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य में जल विद्युत, सौर ऊर्जा और पंप स्टोरेज परियोजनाओं के माध्यम से पर्याप्त बिजली उत्पादन हो रहा है, जिससे उद्योगों को निर्बाध बिजली मिल रही है।

उन्होंने निवेशकों से मध्यप्रदेश में उद्योग स्थापित करने का आग्रह करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर निवेशक के साथ खड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जो भी निवेशक एक बार मध्यप्रदेश आता है, वह प्रदेश से जुड़ाव महसूस करता है। उन्होंने कहा कि 'हृदय प्रदेश' सभी उद्योगपतियों और निवेशकों का खुले दिल से स्वागत करता है।