भारत टेक्स-2026 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निवेशकों से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में टेक्सटाइल, गारमेंट, फुटवियर और पर्यटन क्षेत्र में नए निवेश को बढ़ावा देंगे।
भोपाल/नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 जुलाई को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स-2026 कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे देश और विदेश से आए प्रमुख टेक्सटाइल निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और वैश्विक ब्रांड्स के साथ संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री का उद्देश्य मध्यप्रदेश में नए निवेश को बढ़ावा देना और राज्य की औद्योगिक क्षमताओं को वैश्विक मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें, राउंड टेबल चर्चा और विभिन्न उद्योग संबंधी सत्रों में भाग लेंगे। साथ ही टेक्सटाइल, गारमेंट और फुटवियर सेक्टर में निवेश बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण एमओयू और निवेश संवाद भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री फेडरेशन ऑफ एसोसिएशंस इन इंडियन टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी (FAITH) के कॉन्क्लेव में भी शामिल होंगे।
भारत टेक्स-2026 में मध्यप्रदेश की औद्योगिक ताकत का होगा प्रदर्शन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स-2026 प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और मध्यप्रदेश पवेलियन का निरीक्षण भी करेंगे। इस पवेलियन में राज्य की उद्योग हितैषी नीतियां, आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना, कौशल विकास की योजनाएं, धार जिले में विकसित हो रहा पीएम मित्र पार्क और टेक्सटाइल उद्योग की पूरी वैल्यू चेन को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्यमंत्री इस दौरान मीडिया से भी बातचीत करेंगे और राज्य में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी साझा करेंगे।
टेक्सटाइल निवेश पर उद्योगपतियों के साथ होगी राउंड टेबल चर्चा
भारत टेक्स-2026 के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योग के प्रमुख उद्योगपतियों के साथ आयोजित राउंड टेबल बैठक में भाग लेंगे। बैठक में मध्यप्रदेश के टेक्सटाइल इकोसिस्टम, निवेश की संभावनाओं, निर्यात बढ़ाने, वैश्विक प्रतिस्पर्धा, सतत विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स और स्किल डेवलपमेंट जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। इस राउंड टेबल को केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में 100 से अधिक उद्योगपति, निवेशक और विभिन्न उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से करेंगे वन-टू-वन बैठक
कार्यक्रम में डिक्सन टेक्नोलॉजीज के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अतुल लाल, टोपन के सीईओ मनोहरा कुमार, हेलियॉन के सीईओ केदार लेले तथा भारत में ब्राजील के राजदूत केनेथ फेलिक्स हैजिन्स्की दा नोब्रेगा समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहेंगी। मुख्यमंत्री इन प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इन बैठकों में नए निवेश, उत्पादन क्षमता बढ़ाने, निर्यात विस्तार, रोजगार सृजन और तकनीकी सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
'मध्यप्रदेश में निवेश के अवसर' विषय पर करेंगे निवेशकों को संबोधित
मुख्यमंत्री होटल द लीला में आयोजित 'मध्यप्रदेश में निवेश के अवसर' विषय पर इंटरैक्टिव सत्र को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान राज्य की औद्योगिक संभावनाओं के साथ-साथ नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यटन और अन्य उभरते क्षेत्रों में निवेश के अवसरों पर विस्तृत प्रस्तुतियां दी जाएंगी। सत्र के बाद मुख्यमंत्री उद्योगपतियों के साथ व्यक्तिगत बैठक कर प्रदेश में औद्योगिक विस्तार और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
टेक्सटाइल सेक्टर की पूरी वैल्यू चेन और पीएम मित्र पार्क रहेगा आकर्षण
मुख्यमंत्री निवेशकों के सामने मध्यप्रदेश की उन विशेषताओं को प्रमुखता से रखेंगे, जिनकी वजह से राज्य देश के प्रमुख टेक्सटाइल निवेश केंद्रों में शामिल हो चुका है। राज्य में कपास उत्पादन से लेकर स्पिनिंग, वीविंग, निटिंग, डाइंग, फिनिशिंग और गारमेंट निर्माण तक पूरी टेक्सटाइल वैल्यू चेन उपलब्ध है। देश के सबसे बड़े ऑर्गेनिक कॉटन उत्पादक राज्य के रूप में मध्यप्रदेश की पहचान, 'फार्म टू फैशन' मॉडल और धार जिले में विकसित हो रहा पीएम मित्र पार्क विदेशी निवेशकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
निवेश प्रोत्साहन और एमओयू के जरिए बढ़ेगा औद्योगिक सहयोग
मुख्यमंत्री उद्योग जगत को टेक्सटाइल, गारमेंट और फुटवियर क्षेत्र के लिए उपलब्ध औद्योगिक प्रोत्साहनों और निवेश सुविधाओं की जानकारी भी देंगे। इस अवसर पर अपैरल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल, मैनमेड एंड टेक्निकल टेक्सटाइल्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल तथा कॉटन टेक्सटाइल्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर प्रस्तावित हैं। इसके अलावा कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उद्योग संगठनों के साथ निवेश, कौशल विकास, औद्योगिक सहयोग और निर्यात प्रोत्साहन से जुड़े एमओयू भी किए जाएंगे। मुख्यमंत्री इस मंच से जनवरी 2027 में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में उद्योग जगत को शामिल होने का आमंत्रण भी देंगे।
FAITH कॉन्क्लेव 2026 में पर्यटन निवेश पर भी रहेगा जोर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 और 17 जुलाई को आयोजित फेथ कॉन्क्लेव-2026 में भी भाग लेंगे। फेडरेशन ऑफ एसोसिएशंस इन इंडियन टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी (FAITH) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की थीम "अतुल्य भारत: अमूल्य अर्थशास्त्र" रखी गई है। इस कॉन्क्लेव में देश के नीति निर्माता, पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के प्रमुख प्रतिनिधि तथा उद्योग जगत के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे।
टूरिज्म ग्रोथ चार्टर पर होगी अहम चर्चा
कार्यक्रम में पर्यटन के जरिए आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और क्षेत्रीय विकास को गति देने के उद्देश्य से टूरिज्म ग्रोथ चार्टर प्रस्तुत किया जाएगा। चार्टर में पर्यटन को इंफ्रास्ट्रक्चर का दर्जा देने, मिशन मोड में 50 प्रमुख पर्यटन स्थलों का विकास, वैश्विक स्तर पर ब्रांड इंडिया को मजबूत करने, वीजा प्रक्रिया को सरल बनाने, पर्यटन अधोसंरचना में निवेश बढ़ाने और सिंगल विंडो क्लियरेंस के जरिए निजी क्षेत्र की भागीदारी को प्रोत्साहित करने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं। मुख्यमंत्री की इस कॉन्क्लेव में मौजूदगी मध्यप्रदेश में पर्यटन निवेश और विकास की नई संभावनाओं को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


