मध्य प्रदेश कृषि विभाग ने भोपाल में सीएम मोहन यादव का सम्मान किया। उन्होंने 44 आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति और 3357 कर्मचारियों को पदोन्नति दी। साथ ही, विभाग में 1500 और राज्य में 1 लाख नई भर्तियों का लक्ष्य रखा।
भोपाल। किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग की ओर से 5 अक्टूबर को भोपाल के रवींद्र भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में पदोन्नत शासकीय सेवकों ने मुख्यमंत्री का सम्मान किया। सीएम ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने 44 दिवंगत शासकीय सेवकों के आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र भी दिए।
कृषि विभाग की CM ने की तारीफ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कृषि विभाग के काम की सराहना की। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग प्रकृति के सबसे करीब रहकर काम करता है। खेती में होने वाले बदलावों को यह विभाग सबसे पहले महसूस करता है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का कृषि विभाग लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से बदल रहा है। कठिन फैसलों और बड़े कामों को आगे बढ़ाने के लिए मजबूत संकल्प की जरूरत होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
'जीयो और जीने दो' की संस्कृति
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संस्कृति 'जीयो और जीने दो' की भावना पर आधारित है। उन्होंने खेलों का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबलों में दोनों देशों की स्थिति पर ज्यादा ध्यान दिया जाता था। अब भारत एशियाड में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया को यह भी बता रहा है कि शाकाहारी भोजन के आधार पर भी खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीत सकते हैं। उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीमों के प्रदर्शन का भी जिक्र किया।
सभी विभाग मिलकर कर रहे काम
सीएम मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के करीब साढ़े 8 करोड़ लोग एक परिवार की तरह हैं। सरकार सभी विभागों को अलग-अलग नहीं, बल्कि एक साथ जोड़कर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग की वजह से मध्यप्रदेश ने देश के फूड बास्केट में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने गेहूं खरीदी का उदाहरण देते हुए कहा कि करीब पौने 14 लाख किसानों से 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं का संकलन किया गया। इससे मध्यप्रदेश देश में आगे बढ़ा। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग सिर्फ एक विभाग नहीं, बल्कि विकास का माध्यम है।
3357 कर्मचारियों का हुआ प्रमोशन
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 3357 शासकीय सेवकों की पदोन्नति हुई है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रमोशन का काम आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार उन परिवारों की भी जिम्मेदारी समझती है, जिनके सदस्य शासकीय सेवा के दौरान दुनिया छोड़ गए। ऐसे परिवारों के अनुकंपा नियुक्ति के मामलों का जल्द से जल्द निराकरण किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य इन मामलों को शून्य करना है।
कृषि विभाग में 1500 नई भर्तियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि पदोन्नति के बाद खाली होने वाले पदों को भी भरा जाएगा। कृषि विभाग में 1500 पदों पर नई भर्ती की जाएगी। उन्होंने बताया कि मौजूदा कार्यकाल में सरकार करीब 85 हजार लोगों को भर्ती दे चुकी है।
सीएम ने कहा कि अगले साल तक सरकार एक लाख नए पदों पर भर्ती करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में रोजगार के नए अवसर बढ़ाने और खाली पदों को भरने पर लगातार काम कर रही है।


