म.प्र. में पर्यटन विकास पर ज़ोर दिया गया। सीएम यादव को आदर्श बताया गया और चीता, टाइगर, धार्मिक स्थल, फिल्म पर्यटन नीति आकर्षण बताए गए। निवेशकों का स्वागत किया गया व बेहतर नीतियाँ व प्रोत्साहन का आश्वासन दिया गया।
क्षेत्रीय पर्यटन कांक्लेव को सम्बोधित करते हुए प्रदेश के पर्यटन-संस्कृति और धार्मिक न्यास मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मैन ऑफ आइडियाज हैं। आइडियाज को धरती पर उतारने की शक्ति भी उन्हीं के पास है। हमारी सरकार की मंशा विंध्य-निमाड़ बुंदेलखंड को विकसित करना है। हमारा प्रदेश सबसे ज्यादा विविधताओं वाला प्रदेश है।
अपनी बात रखते हुए धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा, हम चीता-टाइगर स्टेट हैं। धार्मिक टूरिज्म के क्षेत्र में उनके नेतृत्व में भी प्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है। कुछ ही समय में प्रदेश में 13 करोड़ से ज्यादा टूरिस्ट आए। हम गर्व के साथ कह सकते हैं मुख्यमंत्री डॉ. यादव के विजन से पर्यटन ऊंचाईयां छू रहा है। मैं निवेशकों से कहना चाहता हूं कि हमारी फिल्म-टूरिज्म पॉलिसी सबसे अनूठी है। आप सभी निवेशकों का प्रदेश में बाहें फैलाकर स्वागत है।
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला ने निवेशकों से कहा कि हमारी सांस्कृतिक जड़ें गहरी हैं। प्रदेश की पारंपरिक कलाओं को टूरिस्ट पूरे विश्व से देखने आते हैं। रीवा और जबलपुर में वॉटरफॉल हैं। आप इन जगहों पर जाकर नियाग्रा फॉल को भूल जाएंगे। ऐतिहासिक किले हैं। हमारा मध्यप्रदेश टाइगर-चीता स्टेट है। पूरे देश की अकेली व्हाइट सागर सफारी संजय दूबरी नेशनल पार्क में है। प्रदेश में देवियों के कई मंदिर हैं। जैसे मैहर, सलकनपुर।
हमारा मध्यप्रदेश देश का दिल है। अगर आप यहां निवेश करते हैं, हमारे पास सबसे बेहतर पॉलिसी है। हम निवेशकों को अच्छा इंसेंटिव दे रहे हैं। हम निवेशकों के लिए रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत करते हैं। वहीं, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रदेश सरकार इंवेस्टमेंट फ्रेंडली सरकार है। उन्होंने कहा, 'हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का सपना है कि 2047 तक भारत मजबूत देश हो। इसी तरह मध्यप्रदेश को भी मजबूत राज्य बनाना है। इसमें निवेशकों का भी सहयोग अपेक्षित है। प्रदेश में निवेशकों का स्वागत है।
इसके अलावा द ललित सूरी होस्पिटेलिटी ग्रुप की मैनेजिंग डायरेक्टर एवं चेयरपर्सन ज्योत्सना सूरी ने कहा कि सीएम डॉ. मोहन यादव विजिनरी मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा, इस कॉन्क्लेव ने सभी निवेशकों को इकट्ठा करने का काम किया है। हमने देखा कि मध्यप्रदेश बहुत खूबसूरत है। हमें उन जगहों पर फोकस करना होगा, जो अभी ज्यादा प्रसिद्ध नहीं हुई हैं। इससे स्थानीय लोगों का जीवन बदल जाएगा। रीवा केवल टूरिज्म डेस्टिनेशन नहीं है, बल्कि यह अपने आप में कहानी है। यह बताती है कि कितना कुछ यहां है। इस बात को दुनिया के सामने लाना है। टूरिज्म संस्कृति और लोगों को जोड़ने का माध्यम है।
