MP में करीब साढ़े 3 लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदी हो चुकी है। CM मोहन यादव ने गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई और दोषियों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में चल रही मूंग खरीदी की समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मंत्रालय में हुई बैठक में उन्होंने साफ कहा कि खरीदी प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से मूंग खरीदी से जुड़े काम में पूरी पारदर्शिता रखी जाए और किसी स्तर पर गड़बड़ी सामने नहीं आनी चाहिए।
Moong Procurement MP: साढ़े तीन लाख मीट्रिक टन मूंग खरीदी पूरी
बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रदेश में अब तक करीब साढ़े तीन लाख मीट्रिक टन मूंग की खरीदी की जा चुकी है। भारत सरकार की ओर से मध्यप्रदेश को 4 लाख 54 लाख टन मूंग खरीदी का लक्ष्य मिला है, जिसके मुकाबले प्रदेश में खरीदी का काम लगातार जारी है। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि प्रदेश के 3 लाख 47 हजार किसानों ने मूंग खरीदी के लिए पंजीयन कराया था। इनमें से 3.42 लाख किसानों का सत्यापन पूरा हो चुका है।
MP Farmers: गड़बड़ी करने वालों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मूंग खरीदी से जुड़े किसी भी काम में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की भूमिका खरीदी प्रक्रिया में अनियमितता या गड़बड़ी में सामने आती है और जो दोषी साबित होते हैं, उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए। साथ ही उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि किसानों की उपज की खरीदी की पूरी प्रक्रिया साफ-सुथरी और पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Moong Purchase Update: कृषि मंत्री वर्चुअली जुड़े
बैठक में कृषि मंत्री एंदल सिंह कंषाना वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मंत्रालय में मौजूद रहे। बैठक के दौरान मूंग खरीदी की प्रगति, किसानों के पंजीयन और सत्यापन के साथ खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।


