भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात कर UCC, रोजगार, निवेश, जीआई टैग, सौर ऊर्जा और विकास योजनाओं पर चर्चा की।

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार, 29 जून को राजधानी भोपाल स्थित लोकभवन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच प्रदेश के विकास, रोजगार, निवेश और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी भी दी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

समान नागरिक संहिता (UCC) पर 9 लाख से अधिक सुझावों की दी जानकारी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि उन्होंने राज्यपाल मंगुभाई पटेल को मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में प्राप्त 9 लाख से अधिक सुझावों के बारे में अवगत कराया। उन्होंने कहा कि इस विषय पर प्रदेशवासियों का व्यापक जनसमर्थन मिला है। साथ ही यूसीसी को लेकर सरकार की आगामी रणनीति और कार्ययोजना की भी विस्तार से जानकारी साझा की गई।

रोजगार, निवेश और औद्योगिक विकास पर भी हुई विस्तृत चर्चा

मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के साथ प्रदेश में रोजगार के नए अवसर बढ़ाने, औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन देने तथा आर्थिक गतिविधियों को गति देने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि सरकार निवेश आकर्षित करने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार सृजन को प्राथमिकता देते हुए लगातार प्रयास कर रही है।

Scroll to load tweet…

जल गंगा संवर्धन अभियान और गुरु पूर्णिमा कार्यक्रमों की दी जानकारी

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को जल गंगा संवर्धन अभियान के सफल संचालन और इसके सकारात्मक परिणामों की जानकारी दी। इसके अलावा गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के दौरान आयोजित किए जाने वाले शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा से भी अवगत कराया।

जीआई टैग, सौर ऊर्जा और स्टार्ट-अप को बढ़ावा देने पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश की चार कृषि उपजों को हाल ही में मिले जीआई टैग से किसानों को मिलने वाले लाभों पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विस्तार, एमएसएमई और स्टार्ट-अप को प्रोत्साहन देने, औद्योगिक विकास को गति देने तथा रोजगार सृजन से जुड़े प्रयासों और सरकार की विभिन्न उपलब्धियों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।