हैरान कर देने वाला मामला! मध्य प्रदेश के सीधी जिले में महिला की कब्र खोदकर शव को बाहर निकाला गया। पति ने छोटे भाई पर तंत्र-मंत्र के चक्कर में ऐसा करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू की।

सीधी (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के थनहवा टोला में महिला की कब्र को खोदकर शव बाहर निकाल दिया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस जांच में मृत महिला के देवर पर कब्र खोदने का आरोप साबित हुआ है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

घटना का कैसे हुआ खुलासा?

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि मृत महिला के शव को उसके देवर अरमान खान ने कब्र खोदकर बाहर निकाला है। इस मामले में महिला के पति अमानत खान ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने अपने छोटे भाई अरमान खान पर तंत्र-मंत्र के चक्कर में ऐसा करने का आरोप लगाया।

मृतका के पति ने क्या कहा? 

मृत महिला के पति अमानत खान ने बताया कि उनकी पत्नी की मौत 39 दिन पहले हुई थी, जिसके बाद उसे मुस्लिम रीति-रिवाज से दफनाया गया था। उन्होंने कहा कि उनके छोटे भाई अरमान खान ने किसी के कहने पर कब्र खोदकर शव का अपमान किया है।

पुलिस का बयान और कार्रवाई 

कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि आरोपी अरमान खान मृत महिला का रिश्ते में देवर लगता है, जिसको गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान वो बार-बार एक ही रट लगाए है कि उसने यह काम 'अल्लाह के आदेश' पर किया है। अभी उसकी मेंटल कंडीशन का पता लगाया जा रहा है। अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है। 

तंत्र-मंत्र से जुड़ा मामला?

 स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना तंत्र-मंत्र से जुड़ी हो सकती है। वहीं, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी अरमान खान को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। मामले को लेकर इलाके में चर्चाओं का दौर तेज है।