प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने मध्य प्रदेश के धार में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने भ्रष्टाचार को लेकर शिवराज सरकार पर निशाना साधा और पूछा कि यहां ईडी क्यों नहीं आती?

धार। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के धार में रैली की। इस दौरान उन्होंने भ्रष्टाचार को लेकर शिवराज सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पूछा कि यहां ईडी क्यों नहीं आई?

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

प्रियंका गांधी ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान की सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। मध्य प्रदेश में कई घोटाले हुए हैं, लेकिन उनकी सही जांच नहीं हुई। व्यापम घोटाले का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यहां हो रहे घोटालों की जांच नहीं की जा रही है। प्रियंका ने जातीय जनगणना कराए जाने की मांग की। उन्होंने SC/ST/OBC वर्ग को आवंटित सरकारी नौकरियों के अनुपात में विसंगति पर सवाल उठाया।

रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने अपनी दादी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जिक्र किया। उन्होंने इंदिरा गांधी के साथ मध्य प्रदेश के लोगों के मजबूत संबंधों के बारे में बात की। प्रियंका ने सतना के स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर प्रकाश डाला।

प्रियंका गांधी बोलीं- भाजपा ने सिर्फ भ्रष्टाचार किया

प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा ने मध्य प्रदेश में सिर्फ भ्रष्टाचार किया है। यह सरकार सिर्फ खा रही और जनता का एक काम नहीं कर रही है। स्कूलों तक में भ्रष्टाचार किया गया है। यहां व्यापम का घोटाला हुआ 50 से अधिक लोगों की मौत हुई। इन्होंने जांच कराई? ये ईडी को सबके घर भेज देते हैं। पता चला कि किसी ने इनके खिलाफ कुछ कह दिया, लिख दिया, एकदम से ईडी पहुंच गई उनके घर। यहां तक कि फिल्म अभिनेताओं के घर भी कल-परसो ईडी पहुंच गई। यहां पर क्यों नहीं पहुंची? यहां इतने बड़े घोटाले हुए हैं। इनके अधिकारियों के घर पर क्यों नहीं पहुंची? इनके नेताओं के घर क्यों नहीं पहुंची?

कांग्रेस की सरकार बनी तो 500 रुपए में मिलेगा गैस सिलेंडर

प्रियंका गांधी ने जनता से कई वादे भी किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो पुरानी पेंशन योजना बहाल होगी, 500 रुपए में गैस सिलेंडर मिलेगा और महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह मदद दी जाएगी। बता दें कि मध्यप्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा के चुनाव होने हैं। यहां कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला है।