राहुल गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश में हर दिन तीन किसान आत्महत्या कर रहे। महाकाल लोक गलियारा बनाने में भी भ्रष्टाचार किया गया। 

Rahul Gandhi Rally in Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश सहित पांच विधानसभाओं में चुनावी सरगर्मी तेज हो चुकी है। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए शाजापुर में एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने ऐलान किया कि केंद्र में सरकार बनते ही वह ओबीसी की सही जानकारी के लिए जाति आधारित जनगणना कराएंगे। इससे ओबीसी सहित अन्य जातियों को सरकारी लाभ में सहायता मिलेगी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

शाजापुर जिले के कालापीपल विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि सत्ता में आने के तुरंत बाद, हम सबसे पहला काम देश में ओबीसी की सही संख्या जानने के लिए जाति-आधारित जनगणना कराएंगे क्योंकि कोई भी उनकी सही संख्या नहीं जानता है।

आरएसएस और नौकरशाह देश की नीतियां बना रहे न कि सांसद

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि निर्वाचित भाजपा सदस्यों के बजाय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और नौकरशाह कानून बना रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि देश को कैबिनेट सचिव और सचिवों सहित केवल 90 अधिकारी चला रहे हैं। भाजपा सांसदों और विधायकों की देश में नीतियां और कानून बनाने में कोई भूमिका नहीं है।

मध्य प्रदेश भ्रष्टाचार का केंद्र

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश को देश में भ्रष्टाचार का "केंद्र" करार दिया। उन्होंने कहा कि व्यापमं जैसे घोटालों ने राज्य को हिलाकर रख दिया है। एमबीबीएस की डिग्रियां बेची जा रही हैं, परीक्षा के पेपर लीक हो रहे हैं और बेचे जा रहे हैं। निर्माण में भी भ्रष्टाचार हो रहा है। इन लोगों ने महाकाल लोक गलियारा बनाने में भी भ्रष्टाचार नहीं छोड़ा। महाकाल लोक गलियारा बनाने में जमकर भ्रष्टाचार किया। उन्होंने दावा किया कि पिछले 18 वर्षों में 18,000 किसानों ने आत्महत्या की है। राज्य में हर दिन तीन किसान अपनी जान दे देते हैं।