Sagar Police Encounter : सागर जहरीली शराब कांड में पुलिस ने 30 हजार के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पर फायरिंग के जवाब में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया। आरोपी से कट्टा और कारतूस बरामद हुए हैं।

भोपाल/सागर। सागर के जहरीली शराब कांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर पुलिस ने 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत का शॉर्ट एनकाउंटर किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान एक गोली आरोपी के पैर में लगी। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने चलाईं तीन गोलियां

  • पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर की तड़के बहरोल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सागर जहरीली शराब मामले का आरोपी शिवांजय राजपूत मड़ैया के पास जंगल में छिपा हुआ है। आशंका थी कि वह मुख्य मार्ग बंडा-बहरोल से होते हुए अपने घर छापरी की ओर जा सकता है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की कई टीमों ने इलाके में घेराबंदी कर दी।
  • पुलिस टीम ने जब आरोपी को घेरने की कोशिश की तो उसने कथित तौर पर पुलिस पर तीन फायर कर दिए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली आरोपी के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और अस्पताल में भर्ती कराया।

315 बोर का कट्टा और कारतूस बरामद

पुलिस ने आरोपी शिवांजय राजपूत के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, 3 जिंदा कारतूस और 3 खाली कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा उसका मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, शिवांजय पहले से शराब तस्करी से जुड़ा रहा है और उसके खिलाफ तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

सागर शराब कांड में लगातार हो रही कार्रवाई

  • सागर जहरीली शराब कांड को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने अधिकारियों को मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।
  • पुलिस इससे पहले भी इस मामले में आरोपी रवि लखेरा का शॉर्ट एनकाउंटर कर चुकी है। अब 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत की गिरफ्तारी को मामले में पुलिस की एक और बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।