मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतर्राष्ट्रीय पर्वतारोही अंजना यादव को ‘पैडल टू प्लांट- नया भारत, हरा भारत’ अभियान के लिए रवाना किया। अंजना 4,000 किमी की साइकिल यात्रा से देशभर में पर्यावरण, एकता और संस्कृति का संदेश फैलाएंगी।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन से प्रदेश की बेटी और अंतर्राष्ट्रीय पर्वतारोही सुश्री अंजना यादव को ‘पैडल टू प्लांट - नया भारत, हरा भारत’ अभियान की यात्रा के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अरुणाचल प्रदेश से गुजरात तक 4 हजार किमी की साइकिल यात्रा

‘पैडल टू प्लांट - नया भारत, हरा भारत’ कार्यक्रम के तहत अंजना यादव और उनकी टीम अरुणाचल प्रदेश से गुजरात तक लगभग 4,000 किलोमीटर की साइकिल यात्रा करेंगी। इस यात्रा के माध्यम से वे भारत की समृद्ध संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का संदेश देशभर में फैलाएंगी।

सरदार पटेल के एकीकृत भारत के संदेश का प्रसार

इस अभियान का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के एकीकृत, सशक्त और प्रगतिशील भारत के विचार को जन-जन तक पहुँचाना है। अंजना यादव अपने अभियान के दौरान ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी मजबूत करेंगी।

रायसेन की बेटी अंजना यादव की प्रेरणादायक यात्रा

रायसेन जिले के ग्राम सेमारी की रहने वाली अंजना यादव पिछले पाँच वर्षों से माउंटेनियरिंग के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने अब तक 20 अंतर्राष्ट्रीय पर्वतों पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की है। अब उनका अगला लक्ष्य वर्ष 2026 में विश्व की सबसे ऊँची चोटी ‘माउंट एवरेस्ट’ पर सफलता प्राप्त करना है।