Double Murder Mystery: Seoni में मासूमों की चीखों से कांप उठा जंगल! घर में अकेले थे दो मासूम भाई, अगली सुबह 13 KM दूर जंगल में मिले गला रेते गए शव... पत्थरों से ढंका था सबूत, एक संदिग्ध पकड़ा गया – क्या ये किसी अपने की साजिश थी?

Seoni Double Murder: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां दो मासूम भाइयों का पहले अपहरण किया गया और फिर उनकी बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। बुधवार दोपहर को दोनों के शव अंबा माई के जंगल में बरामद हुए। दोनों बच्चों की पहचान मयंक ढाकरिया (9) और दिव्यांश ढाकरिया (6) के रूप में हुई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दोनों बेटों को घर में अकेले छोड़ गई थी मां 

पूजा ढाकरिया नामक महिला ने मंगलवार की रात करीब 11 बजे कोतवाली थाना पहुंचकर अपने बेटों की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उसने बताया कि शाम 5 बजे वह घरों में काम करने निकली थी और दोनों बच्चे घर पर ही थे। जब वह रात 8 बजे लौटी, तो बच्चे लापता थे। पहले खुद तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई।

13 किलोमीटर दूर जंगल में मिले दोनों बच्चों के शव 

बुधवार दोपहर करीब 2 बजे पुलिस को सूचना मिली कि अंबा माई जंगल में दो बच्चों के शव पड़े हैं। यह जगह पीड़ित परिवार के घर से लगभग 13 किलोमीटर दूर है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि बच्चों के गले रेत दिए गए थे और शवों को पत्थरों से ढंककर छिपाने की कोशिश की गई थी।

शुरुआती जांच में किस पर गहराया सिवनी पुलिस का शक?

कोतवाली और डूंडा सिवनी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस का मानना है कि इस वारदात को अंजाम देने वाला शख्स बच्चों या उनके परिवार से जान-पहचान रखता हो सकता है। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

परिवार ने सिवनी पुलिस से की क्या मांग?

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों और परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कठोर सजा की मांग की है। फिलहाल पुलिस संदिग्ध से गहन पूछताछ कर रही है और कई एंगल्स से जांच जारी है।