ओरछा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रीराम राजा लोक के द्वितीय चरण का शिलान्यास करते हुए 332 करोड़ की सौगात दी। उन्होंने 3500 करोड़ के स्टील प्लांट व हेलिकॉप्टर योजना की घोषणा की। डालमिया भारत को मिला पर्यटन प्रोजेक्ट का करार।

भगवान श्रीराम की नगरी ओरछा में आज इतिहास का एक नया पन्ना जुड़ गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रीराम राजा लोक के द्वितीय चरण का शिलान्यास करते हुए 332 करोड़ की सौगात दी। उज्जवल दीपों, श्रद्धा और संस्कृति के इस संगम में मुख्यमंत्री ने कई महत्वाकांक्षी घोषणाएं कीं — ओरछा को अब पर्यटन बोर्ड की हेलिकॉप्टर योजना से जोड़ा जाएगा, और निवाड़ी को उद्योग व पर्यटन दोनों का नया गंतव्य बनाया जाएगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

132 करोड़ की लागत से बनेगा श्रीराम राजा लोक का द्वितीय चरण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह केवल एक विकास परियोजना नहीं, बल्कि आस्था का पुनर्जागरण है। उन्होंने ओरछा में श्रीराम राजा लोक के मॉडल और प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बताया कि द्वितीय चरण के निर्माण पर 132 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह लोक भगवान श्रीराम के पांच शताब्दियों पुराने वैभव को आधुनिक कलात्मकता से जोड़कर जीवंत करेगा।

यह भी पढ़ें: देवास में विकास की बरसात, सीएम यादव ने दीं करोड़ों की सौगातें, अब कोई युवा बेरोजगार नहीं रहेगा!

डालमिया भारत कंपनी को मिला पर्यटन परियोजना का एग्रीमेंट

इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन बोर्ड ने डालमिया भारत कंपनी को लेटर ऑफ अवॉर्ड सौंपा। इस समझौते से प्रदेश में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होगा और ओरछा को वैश्विक स्तर पर प्रोत्साहन मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्यटन के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाया जा रहा है।

“ओरछा का वैभव अब फिर होगा जीवंत”

मुख्यमंत्री ने कहा, “आज ओरछा में 500 वर्ष पुराना श्रीराजा राम का वैभव फिर जीवंत हो रहा है। यहां प्रभु श्रीराम दरबार के दर्शन का जो अलौकिक अनुभव है, उसे शब्दों में नहीं बांधा जा सकता।” उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ओरछा को धार्मिक पर्यटन का अंतरराष्ट्रीय केंद्र बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

2200 करोड़ की धार्मिक धरोहर योजना – लीला स्थलों को मिलेगा नया रूप

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि राज्य सरकार ने ओरछा धाम, चित्रकूट धाम और श्रीराम वन गमन पथ को विकसित करने के लिए 2200 करोड़ रुपये की परियोजना शुरू की है। इसके साथ उज्जैन और जानापाव जैसे भगवान श्रीकृष्ण के लीला स्थलों को भी तीर्थ के रूप में संवारा जा रहा है। उन्होंने कहा, “भगवान राम और कृष्ण के लीला स्थलों को आधुनिक विकास के साथ जोड़ना हमारा संकल्प है।”

निवाड़ी को मिला 3500 करोड़ के स्टील प्लांट का तोहफा

मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि निवाड़ी जिले में 3500 करोड़ की लागत से स्टील प्लांट स्थापित किया जाएगा, जिसका लोकार्पण कुछ महीनों में होगा। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और बुंदेलखंड क्षेत्र में पलायन की समस्या समाप्त होगी।

किसानों, लाड़ली बहनों और युवाओं के लिए राहत योजनाएं

डॉ. यादव ने कहा कि सरकार जनता के कल्याण के लिए समर्पित है।

  • लाड़ली बहनों को सहायता राशि भेजी जा रही है।
  • किसानों के खातों में सीधी मदद दी जा रही है।
  • बच्चों के लिए फीस, यूनिफॉर्म, किताबें और लैपटॉप की सुविधा दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बुंदेलखंड को केन-बेतवा लिंक योजना से बड़े पैमाने पर लाभ मिलेगा।

हेलिकॉप्टर योजना से जुड़ेगा ओरछा, निवाड़ी को मिलेगा नगर पालिका का दर्जा

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि धार्मिक पर्यटन को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए ओरछा को पर्यटन बोर्ड की हेलिकॉप्टर योजना से जोड़ा जाएगा। साथ ही, निवाड़ी में नई सड़क का निर्माण, नेगुआ में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन, और निवाड़ी को नगर पालिका का दर्जा देने की प्रक्रिया शुरू होगी।

“भगवान के लीला स्थल बनेंगे तीर्थ केंद्र”

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है, और अब बेतवा नदी के तट पर स्थित ओरछा धाम उसी दिव्यता की गवाही दे रहा है। उन्होंने इसे ‘धर्म और विकास का संगम’ करार देते हुए कहा कि “यहां भगवान के लीला स्थल अब जीवंत तीर्थ बनकर भारत की सांस्कृतिक आत्मा को पुनः प्रकट करेंगे।”

यह भी पढ़ें: सड़क सुरक्षा पर सीएम मोहन यादव का मास्टरप्लान! अब हादसों पर लगेगी लगाम