मुंबई पुलिस ने डेटिंग ऐप के ज़रिए लोगों को होटल में बुलाकर भारी बिल थमाने वाले गिरोह का पर्दाफ़ाश किया है। युवक की शिकायत के बाद गिरोह के सदस्यों समेत होटल वालों की भी गिरफ़्तारी हुई है।

Dating app scam: (मुंबई). डेटिंग ऐप के ज़रिए लोगों को फंसाकर पैसे ऐंठने वाले एक बड़े गिरोह को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये लोग युवाओं को होटल में बुलाकर खाना खिलाते थे और फिर तीस हज़ार से लेकर दो लाख रुपये तक का बिल थमा देते थे। होटल वाले भी इस धंधे में शामिल पाए गए, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने अपनी जांच तेज़ कर दी।

ये लोग डेटिंग ऐप के ज़रिए दोस्ती करते, फिर लोगों को होटल में खाने के लिए बुलाते, और खाना खाने के बाद उनसे मोटी रकम वसूलते थे। मुंबई में पकड़ा गया ये गिरोह इसी तरह के एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा है। मुंबई पुलिस ने 12 महिलाओं और 16 पुरुषों को गिरफ्तार किया है। ये मामला तब सामने आया जब एक 26 साल के युवक ने शिकायत दर्ज कराई। ऐप पर एक लड़की से उसकी दोस्ती हुई, जिसने उसे होटल में खाने पर बुलाया और फिर उससे 35,000 रुपये का बिल मांगा। जब युवक ने विरोध किया तो बिल 30,000 कर दिया गया। इसके बाद युवक ने पुलिस से शिकायत की।

जांच में पता चला कि लड़की होटल वालों के साथ मिलकर ये ठगी कर रही थी। दिशा शर्मा नाम की एक युवती, जो यूपी की रहने वाली है, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो पता चला कि होटल वाले भी इसमें शामिल हैं। युवती ने बताया कि ये एक देशव्यापी गिरोह है जो होटल वालों को भी हिस्सा देता है। उसने बताया कि मुंबई में ही ऐसी सौ से ज़्यादा औरतें हैं। हर रोज़ ये लोग डेटिंग ऐप के ज़रिए लोगों को होटल में बुलाकर उनसे पैसे ऐंठते हैं। गिरफ्तार की गईं दूसरी महिलाओं ने भी पुलिस को यही बताया है। इस जानकारी के बाद मुंबई पुलिस ने अपनी जांच और तेज़ कर दी है।