महाराष्ट्र के बुलढाणा में समृद्धि एक्सप्रेसवे (Samruddhi Expressway) पर हुए हादसे के एक चश्मदीद ने बताया है कि उसने लोगों को जिंदा जलते देखा। वह खिड़की तोड़कर बाहर आया था।

बुलढाणा। महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में समृद्धि एक्सप्रेसवे (Samruddhi Expressway) पर शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात हुए सड़क हादसे (Maharashtra bus accident) में 26 लोगों की मौत हो गई। यहां एक तेज रफ्तार बस पलट गई थी, जिससे उसमें आग लग गई और यात्री जिंदा जल गए।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

हादसे में बाल-बाल बचे एक चश्मदीद ने बताया है कि वह पल कितना खौफनाक था। 26 साल के यात्री ने कहा कि वह कांच तोड़कर बस से बाहर आया था। उसके साथ कुछ और यात्री भी बस से निकले थे। इसके बाद बस में धमाका हो गया। उसने लोगों को जिंदा जलते देखा था। चश्मदीद बस की पिछली सीट पर बैठा था। उसने पिछली खिड़की के शीशे को तोड़ा था।

बस में सवार थे 33 यात्री, 26 की मौत

पुलिस ने बताया कि बस में 33 यात्री सवार थे। इनमें से 26 मारे गए। बस नागपुर से पुणे जा रही थी। हादसा रात करीब 1.30 बजे बुलढाणा जिले के सिंदखेडराजा के पास हुआ। बस में सवार चश्मदीद ने कहा, "टायर फटने से बस पलट गई थी। इसके तुरंत बाद आग लग गई। मेरे बगल में एक यात्री बैठा था। वह और मैं पिछली खिड़की को तोड़कर बस से निकलने में सफल रहे। हादसे के कुछ देर बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम आई।"

हाईवे पर चल रही दूसरी गाड़ियों के लोगों ने नहीं की मदद

एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि चार से पांच यात्री खिड़की तोड़कर बस से निकल पाए थे, लेकिन हर कोई ऐसा नहीं कर सका। बस से निकले यात्रियों ने हाईवे पर चल रही गाड़ियों से मदद मांगी, लेकिन कोई गाड़ी नहीं रुकी। दूसरी गाड़ियों में सवार लोगों ने मदद नहीं की। अगर वक्त पर मदद मिलती तो कई और लोगों की जान बचाई जा सकती थी।

यह भी पढ़ें- समृद्धि महामार्ग एक्सप्रेस पर दर्दनाक हादसे की 12 खौफनाक PHOTOS, नींद के आगोश में मौत की नींद सो गए लोग

कांच तोड़ते-तोड़ते जल गए लोग

स्थानीय निवासी ने कहा, “पिंपलखुटा में इस मार्ग पर कई दुर्घटनाएं होती हैं। हम मदद के लिए आए थे। वहां भयानक स्थिति देखी। बस के टायर अलग हो गए थे। बस के अंदर फंसे लोग खिड़की तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। हमने देखा कि लोग जिंदा जल रहे हैं। आग इतनी तेज थी कि हम कुछ नहीं कर सके।”