पुणे में एक IT इंजीनियर ने अपने 3.5 साल के बेटे की हत्या कर दी। पत्नी के चरित्र पर शक के चलते उसने ये खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

IT Engineer killed Son: महाराष्ट्र के पुणे में 38 साल के आईटी इंजीनियर माधव टिकेटी ने खुद अपने 3.5 साल के बेटे की हत्या की। उसने चाकू से गला काटकर बेटे की जान ले ली। माधव टिकेटी अपनी पत्नी के कैरेक्टर पर शक करता था। उसे शक था कि पत्नी के गैर मर्द के साथ रिश्ते हैं। उसे लगता था कि बेटा उसका नहीं है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि माधव पिछले दो महीनों से बेरोजगार था। उसने बच्चे का गला रेत दिया और शव सुनसान इलाके में छोड़ दिया। बच्चे की मां ने चंदननगर पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने CCTV फुटेज की जांच की तो संदेह की सूई बच्चे के पिता की ओर गई। माधव गुरुवार दोपहर 2:30 बजे अपने बेटे के साथ दिखाई दिया। शाम 5:00 बजे जब वह कपड़े खरीद रहा था तब अकेला था।

नशे की हालत में लॉज में मिला हत्यारा बाप

पुलिस ने माधव के मोबाइल लोकेशन को ट्रैक किया और उसे वडगांवशेरी के एक लॉज में नशे में पाया। होश में आने पर उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। माधव पुलिस को घटनास्थल पर ले गया। पुलिस को बच्चे का शव खून से लथपथ हालत में मिला।

माधव टिकेटी को शक था, नहीं है बच्चे का बाप

DCP (जोन 4) हिम्मत जाधव ने बताया कि माधव को अपनी पत्नी के कैरेक्टर पर शक था। उसे शक था कि वह बच्चे का पिता नहीं है। इसके कारण उसने यह भयानक अपराध किया है। DCP ने कहा, "शुक्रवार को करीब 2 बजे बच्चे की मां स्वरूपा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका पति अपने 3.5 साल के बेटे के साथ लापता है। जांच करने पर हमने आरोपी को एक लॉज से हिरासत में लिया। पता चला कि पत्नी के चरित्र पर शक के कारण उसने बच्चे की हत्या की। हमने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। बच्चे का शव बरामद कर लिया है। आगे की जांच के लिए उसे पोस्टमार्टम के लिए ससून अस्पताल भेज दिया गया है।"

आरोपी माधव टिकेटी मूल रूप से विशाखापत्तनम का रहने वाला है। पुणे के चंदननगर पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले में बीएनएस धारा 103(1) और 238 के तहत उसे गिरफ्तार किया गया है।